शोघी में बस की चेकिंग के दौरान 1,140 नशीली दवाएं बरामद, 41 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार

6 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शोघी में एक बस से 1,140 नशीली दवाएं बरामद की हैं। पुलिस ने इस मामले में 41 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के स्पेशल सेल की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर शोघी के पास नाकाबंदी के दौरान बस की जांच की। इस दौरान बस में सवार प्रवीण कुमार निवासी शिमला के पीठू बैग की तलाशी लेने पर ट्रामाडोल एचसीएल के 960 कैप्सूल (50 एमजी) और अल्प्राजोलम की 180 टैबलेट (0.5 एमजी) बरामद हुईं।

पुलिस ने बरामदगी के संबंध में अभियोग संख्या 241/2026, दिनांक 5 नवंबर के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18(सी) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। बरामद दवाइयों के स्रोत का पता लगाने के साथ यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी तक इतनी मात्रा में दवाइयां कहां से पहुंचीं और क्या इसके पीछे कोई संगठित अवैध नेटवर्क सक्रिय है।

Share the news