सतलुज में रिवर राफ्टिंग की नई साइट विकसित करने की तैयारी, 4 किलोमीटर का स्ट्रेच परीक्षण में पास

7 नवंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

हिमाचल प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सतलुज नदी में रिवर राफ्टिंग की नई साइट विकसित करने की तैयारी है। पर्यटन विभाग के निरीक्षण और परीक्षण में शिमला जिला के कुमारसैन क्षेत्र में सैंज के समीप मायापुरी से लुहरी तक करीब 4 किलोमीटर का नदी मार्ग रिवर राफ्टिंग के लिए उपयुक्त पाया गया है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी जगदीश शर्मा ने बताया कि 6 नवंबर को किए गए परीक्षण के दौरान गठित समिति ने इस स्ट्रेच को राफ्टिंग गतिविधियों के संचालन के लिए उपयुक्त माना। निरीक्षण में अटल बिहारी पर्वतारोहण संस्थान, मनाली के निदेशक अविनाश नेगी और संबंधित तकनीकी विशेषज्ञ भी शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि सतलुज नदी में पहले से चाबा से तत्तापानी तक रिवर राफ्टिंग करवाई जा रही है। मायापुरी से लुहरी तक नई साइट विकसित होने से शिमला जिला में साहसिक पर्यटन का दायरा बढ़ेगा और पर्यटकों को राफ्टिंग का एक नया विकल्प मिलेगा।

वर्तमान में क्षेत्र में रिवर राफ्टिंग के लिए चार ऑपरेटर पंजीकृत हैं। नई साइट शुरू होने से पर्यटन कारोबार, होटल और आतिथ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

जगदीश शर्मा ने कहा कि यह पहल शिमला जिला को साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे पर्यटकों को पारंपरिक पर्यटन स्थलों के अलावा साहसिक गतिविधियों का अनुभव भी मिलेगा।

Share the news