राजधानी शिमला के लिए प्रस्तावित रोपवे प्रोजेक्ट को जल्द मिलने वाला है 1,546 करोड़ का बजट : मुकेश अग्निहोत्री

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

24 मार्च 2023

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि राजधानी शिमला के लिए प्रस्तावित रोपवे प्रोजेक्ट को 1,546 करोड़ का बजट जल्द मिलने वाला है। शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जिला चंबा के भनौड़ी से पांगी-किलाड रोपवे को बजट मिलने की संभावनाएं नहीं दिख रही हैं। भारत सरकार को इस बाबत प्रस्ताव भेजा गया है, लेकिन केंद्र की ओर से कोई भी पत्राचार अभी तक नहीं हुआ है। उन्होंने विपक्ष के सदस्यों से केंद्र सरकार से इस मामले को उठाने की अपील की।

भाजपा विधायक हंसराज ने प्रश्नकाल के दौरान कहा कि यह रोपवे बहुत जरूरी है। उन्होंने भनौड़ी तक सड़क पहुंचाने की मांग भी की। जवाब में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रस्ताव अभी डीपीआर स्तर पर है। शुरुआत में रोपवे की लागत 1,618 करोड़ आंकी गई थी। प्रस्ताव संशोधित होने के बाद लागत 1,892 करोड़ रुपये हो गई है। पर्वतमाला योजना भारत सरकार की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार में जितनी भाजपा विधायकों की चलेगी, उतनी उनकी नहीं चलेगी। ऐसे में इस मामले को भाजपा विधायकों को केंद्र सरकार के समक्ष उठाना चाहिए।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news