नलवाड़ मेला करसोग संपन्न, मंत्री राजेश धर्माणी ने किए विकास के बड़े ऐलान

करसोग,
सात दिवसीय जिला स्तरीय नलवाड़ मेला करसोग शनिवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। समापन समारोह में प्रदेश के टीसीपी, आवास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी मुख्यातिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर ममलेश्वर महादेव मंदिर से मेला मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं और देवी-देवताओं ने भाग लिया। मंत्री राजेश धर्माणी ने अपने संबोधन में कहा कि मेले हमारी समृद्ध पहाड़ी संस्कृति की पहचान हैं, जिन्हें सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि “व्यवस्था में सुधार ही असली व्यवस्था परिवर्तन है” और राज्य सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने करसोग आईटीआई भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने और नए कोर्स शुरू करने की घोषणा की।

मंत्री ने बताया कि प्रदेश में पंचायतों के सहयोग से विकास कार्यों को गति दी जा रही है और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सुनियोजित निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों के किनारे घर न बनाने की अपील भी की।

राज्य सरकार द्वारा आपदा प्रभावितों को 8 लाख रुपये तक की सहायता देने, शिक्षा में गुणवत्ता सुधार के लिए स्कूलों को सीबीएसई से जोड़ने और युवाओं के लिए स्किल कोर्स शुरू करने जैसे कदमों का भी उल्लेख किया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार ने दूध के दाम 31 से बढ़ाकर 61 रुपये किए हैं और प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं व मक्की के समर्थन मूल्य में भी वृद्धि की गई है। साथ ही भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर 3600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व अर्जित किया गया है।

इस मौके पर मेला समिति अध्यक्ष एवं एसडीएम करसोग गौरव महाजन ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।

समारोह में महेश राज, डॉ. केवल शर्मा, हरिओम शर्मा, डीएसपी चांद किशोर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share the news