छात्रा हत्याकांड पर उबाल: दोषी को कड़ी सजा की मांग, महिला समिति ने जताया रोष

कुल्लू,
अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति जिला कमेटी कुल्लू ने सरकाघाट में कॉलेज छात्रा की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा करते हुए गहरा रोष व्यक्त किया है। समिति ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए प्रशासन से दोषी को शीघ्र और कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाई है।

समिति की जिला अध्यक्ष ममता नेगी ने कहा कि एक नशेड़ी युवक द्वारा की गई इस जघन्य वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाएं कानून-व्यवस्था और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

ममता नेगी ने आरोप लगाया कि इन घटनाओं के पीछे बढ़ता नशा माफिया मुख्य कारण है, जिससे युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार पर सख्ती से लगाम लगाई जाए और इसके खिलाफ ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं।

महिला समिति ने मांग की है कि हत्या के मामले में शामिल सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, साथ ही पीड़ित छात्रा सिया के परिवार को उचित मुआवजा और शीघ्र न्याय सुनिश्चित किया जाए।

समिति ने चिंता जताई कि प्रदेश में बेटियां लगातार ऐसी घटनाओं का शिकार हो रही हैं, जो समाज के लिए गंभीर चेतावनी है। उन्होंने कहा कि नशे की चपेट में आकर युवा अपराध की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे कई परिवार उजड़ चुके हैं।

अंत में समिति ने सरकार से आग्रह किया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस नीति और कड़े कदम तत्काल लागू किए जाएं।

Share the news