
8 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सिरमौर

नेपाल के पोखरा में 4 से 6 सितंबर 2026 तक आयोजित इंडो-नेपाल हैंडबाल सीरीज में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान नेपाल को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने नेपाल को चार गोल के अंतर से शिकस्त देकर अंतरराष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया।
इस ऐतिहासिक जीत में हिमाचल प्रदेश के तीन होनहार खिलाड़ियों नितेश कुमार, आयुष भारतीय और तनिष धीमान ने शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया। तीनों खिलाड़ी बिलासपुर स्थित युवा सेवा एवं खेल विभाग के राज्य खेल छात्रावास में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
इनमें नितेश कुमार जिला सिरमौर के सराहां क्षेत्र के गांव बाग पशोग से संबंध रखते हैं। नितेश ने हैंडबाल खेल की शुरुआत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगर धरयार से की। विद्यालय के डीपीई पवन भंडारी ने नितेश सहित अन्य विद्यार्थियों को हैंडबाल के लिए तैयार किया और उन्हें जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के अवसर प्रदान किए।
अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर नितेश ने बाद में राज्य खेल छात्रावास, बिलासपुर के लिए ट्रायल दिया, जिसमें उनका चयन हुआ। इसके बाद पिछले दो-तीन वर्षों से उन्होंने छात्रावास में नियमित रूप से कड़ा अभ्यास किया। लगातार मेहनत, अनुशासन और लगन का ही नतीजा रहा कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला।
इंडो-नेपाल हैंडबाल सीरीज में नितेश ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी इस उपलब्धि से सिरमौर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगर धरयार में खुशी की लहर है।
नितेश की शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के समस्त अध्यापकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विद्यालय की ओर से डॉ. सुरेश कुमार, प्रवक्ता राजनीतिक विज्ञान, ने भी नितेश को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
नितेश के पिता अनिल कांत, माता प्रोमिला और बहन कृतिका भी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से बेहद प्रसन्न हैं। परिवार ने नितेश की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को दिया।
नितेश की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे सिरमौर और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।





