कला उत्सव में जेएनवी सोलन ने समूहगान में मारी बाजी

खबर अभी अभी
23 अक्टूबर 2026
कुनिहार

जवाहर नवोदय विद्यालय कुनिहार में नवोदय विद्यालय समिति चंडीगढ़ संभाग के तत्वावधान में आयोजित संकुल स्तरीय कला उत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समूहगान प्रतियोगिता में जवाहर नवोदय विद्यालय सोलन ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के 12 जवाहर नवोदय विद्यालयों के 130 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 70 छात्राएं और 60 छात्र शामिल रहे।

समापन समारोह में कुनिहार के खंड विकास अधिकारी तन्मय कंवर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ संगीत अध्यापक नरेंद्र सिंह के निर्देशन में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुआ। कला उत्सव के दौरान गायन, वाद्य संगीत, दृश्य कला और पारंपरिक कहानी लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:

समूहगान: जेएनवी सोलन (प्रथम), चंबा (द्वितीय), ऊना (तृतीय)

एकल गायन: चंबा (प्रथम), हमीरपुर (द्वितीय), ऊना (तृतीय)

पारंपरिक कहानी लेखन: हमीरपुर (प्रथम), सोलन (द्वितीय), मंडी (तृतीय)

इसके अलावा विभिन्न वाद्य संगीत और दृश्य कला प्रतियोगिताओं में बिलासपुर, कुल्लू, कांगड़ा, शिमला, सोलन और हमीरपुर के विद्यार्थियों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार प्राप्त किए। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी अब जवाहर नवोदय विद्यालय कठुआ-बसोहली में आयोजित होने वाले क्षेत्रीय स्तरीय कला उत्सव में भाग लेंगे।

मुख्य अतिथि तन्मय कंवर ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन अंग्रेजी अध्यापिका नीलिमा ने किया। विद्यालय के प्राचार्य केके यादव और उपप्राचार्या अनीता कंवर ने मुख्य अतिथि, प्रतिभागी विद्यार्थियों और उनके साथ आए शिक्षकों का आभार व्यक्त किया।

Share the news