
8 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

जिला रेडक्रॉस सोसाइटी और जिला दिव्यांगता पुनर्वास केंद्र कुल्लू की ओर से जिले की विभिन्न पंचायतों में दिव्यांगजनों के लिए विशेष दिव्यांगता पुनर्वास मूल्यांकन शिविर आयोजित किए जाएंगे। सहायक आयुक्त एवं नोडल अधिकारी डॉ. जयबंती ठाकुर ने बताया कि ये शिविर 10 से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित होंगे।
शिविरों की शुरुआत 10 सितंबर को ग्राम पंचायत टील के पंचायत घर से होगी। इसके बाद 11 सितंबर को थाटीबीड और गोपालपुर पंचायतों के लिए पंचायत घर थाटीबीड में शिविर लगाया जाएगा।
इसी क्रम में 24 सितंबर को धाउगी, दुशाहड़, कनोंण, बनोगी, रैला-1, रैला-2 और देवगढ़ गोही पंचायतों के लोगों के लिए सामुदायिक हाल सैंज में शिविर आयोजित किया जाएगा। वहीं 25 सितंबर को तुंग मशियर पंचायत के लिए पंचायत घर तुंग में शिविर लगेगा। सभी शिविरों का समय सुबह 10 बजे निर्धारित किया गया है।
शिविरों में पीएंडटी टेक्नीशियन, स्पीच एंड हियरिंग टेक्नीशियन, विशेष शिक्षक, एमआरडब्ल्यू और मोबिलिटी इंस्ट्रक्टर सहित विशेषज्ञों की टीम मौजूद रहेगी। विशेषज्ञ दिव्यांगजनों की पुनर्वास जरूरतों का आकलन करने के साथ उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहायता करेंगे।
जिन दिव्यांगजनों के अभी तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र या यूडीआईडी कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें ये दस्तावेज बनवाने में भी मदद दी जाएगी। इसके अलावा विकासात्मक देरी वाले बच्चों तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों, जिन्हें चलने-फिरने या सुनने में परेशानी है, उनकी पहचान कर आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
शिविरों के दौरान दिव्यांगता की शीघ्र पहचान और बचाव को लेकर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. जयबंती ठाकुर ने पात्र लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचें और उपलब्ध सुविधाओं के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।





