
केलांग,
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन के निरंतर प्रयासों से जिला के पर्यटकों तथा आम जनता की आरामदायक सुविधाजनक सफर सुविधा को ध्यान में रखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम द्वारा दिल्ली से जिस्पा के लिए वोल्वो बस की सेवा प्रारंभ की जा रही है। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन गत वर्ष से ही जिला के पर्यटक स्थलों को वोल्वो बस की सुविधा से जोड़ने के लिए प्रयासरत था। ताकि लाहौल घाटी के लोगों, कर्मचारियों तथा पर्यटकों को सीधा और सुविधाजनक परिवहन लाभ हो।
उन्होंने बताया कि देश की राजधानी दिल्ली से अब पर्यटक सीधे अटल टनल को निहारते हुए जिला में प्रवेश कर पाएंगें और प्रसिद्ध पर्यटक स्थल सिस्सू, केलांग होते हुए जिस्पा पहुंच पाएंगे। जबकि पहले पर्यटकों को वोल्वो बस की सुविधा मनाली तक ही उपलब्ध थी।
उन्होंने बताया कि एचआरटीसी द्वारा दिनांक 28 मई 2026 को जिस्पा से दिल्ली वोल्वो बस सेवा को शुरू किया जाएगा।
बस की समय सारणी के अनुसार बस दिल्ली से रात्रि 8ः00 बजे प्रस्थान करेगी तथा चंडीगढ़ से रात्रि 1ः20 बजे, मंडी से प्रातः 4ः20 बजे, कुल्लू से प्रातः 6ः30 बजे, मनाली से प्रातः 8ः00 बजे और केलंग से प्रातः 11ः00 बजे प्रस्थान करते हुए दोपहर 12ः00 बजे जिस्पा पहुंचेगी।
उन्होंने बताया कि वापसी में यह बस जिस्पा से दोपहर 3ः30 बजे प्रस्थान करेगी तथा केलंग से शाम 4ः40 बजे, मनाली से रात्रि 8ः00 बजे, कुल्लू से रात्रि 9ः10 बजे, मंडी से रात्रि 11ः30 बजे और चंडीगढ़ से प्रातः 3ः00 बजे प्रस्थान करते हुए सुबह 7ः00 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि वोल्वो बस सेवा के संचालन से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों को भी बेहतर और सुगम यातायात सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने आम जनता एवं पर्यटकों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।
ब्यूरो रिपोर्ट सुशांत शर्मा…





