भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ ने प्रदेश के 55 उत्कृष्ट शिक्षकों को किया सम्मानित

5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | घुमारवीं, बिलासपुर

घुमारवीं: शिक्षक दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ, हिमाचल प्रदेश की ओर से घुमारवीं में राज्य स्तरीय उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित 55 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

एम4यू होटल में आयोजित समारोह में चंबा से सिरमौर और लाहौल-स्पीति से किन्नौर तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से 800 से अधिक शिक्षक शामिल हुए।

शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान

समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार रहे। विशेष अतिथि के रूप में ‘चेतना संस्था’ बिलासपुर की संस्थापिका, स्पेशल ओलंपिक भारत की अध्यक्ष तथा एशिया पैसिफिक एडवाइजरी काउंसिल की चेयरपर्सन डॉ. मल्लिका नड्डा और भाजपा के संगठन महामंत्री सिद्धार्थन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा हिमाचल प्रदेश के समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम गुलेरिया ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 55 उत्कृष्ट शिक्षकों को शॉल, सम्मान पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

प्रेस नोट के अनुसार, शिक्षकों का चयन शिक्षण गुणवत्ता, नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान और समाज के प्रति समर्पण जैसे आधारों पर किया गया।

शिक्षकों की भूमिका पर वक्ताओं ने रखे विचार

मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) सिकंदर कुमार ने शिक्षक दिवस की सार्थकता और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रदेश के शिक्षकों से भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने में यथासंभव योगदान देने का आह्वान किया।

डॉ. मल्लिका नड्डा ने समावेशी शिक्षा और दिव्यांग बच्चों के सशक्तिकरण में शिक्षकों की संवेदनशील भूमिका को रेखांकित किया। वहीं, भाजपा संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने शिक्षक प्रकोष्ठ के इस प्रयास की सराहना करते हुए शिक्षकों से संगठन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर शिक्षक प्रकोष्ठ की प्रदेश स्तरीय बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों के साथ आगामी कार्ययोजना को लेकर चर्चा की गई।

प्रदेशभर से पहुंचे पदाधिकारी और शिक्षाविद

समारोह में पद्मश्री हरिमन शर्मा, बिलासपुर जिला प्रभारी रजनी सूद, झंडूता विधायक जीत राम कटवाल, बिलासपुर सदर विधायक त्रिलोक जम्वाल, पूर्व मंत्री राजिंदर गर्ग, संसदीय क्षेत्र विस्तारक अमित, भाजपा हिमाचल प्रदेश के समस्त प्रकोष्ठों के प्रदेश सह-संयोजक राजपाल, बिलासपुर जिला सह-प्रभारी देशराज शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष बिलासपुर कृष्ण चंदेल, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष डॉ. सुरेश सोनी तथा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रो. रविंद्र सिंह ठाकुर सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, शिक्षाविद और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का आयोजन शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक पुरुषोत्तम शर्मा के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों और प्रदेशभर से पहुंचे शिक्षक साथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान समाज के भविष्य का सम्मान है और शिक्षक प्रकोष्ठ इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेगा। शिक्षक दिवस के अवसर पर समारोह में उपस्थित शिक्षकों को स्मृति चिह्न भेंट कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

प्रेस नोट के अनुसार, भाजपा शिक्षक प्रकोष्ठ का यह आयोजन प्रदेश के शिक्षक समुदाय को एक साझा मंच उपलब्ध कराने की दिशा में आयोजित किया गया। सम्मानित शिक्षकों ने भी इस पहल के लिए शिक्षक प्रकोष्ठ का आभार व्यक्त किया।

Share the news