मंडी में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक भौतिक सत्यापन

28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

मंडी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने सोमवार को भ्यूली स्थित इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और सीसीटीवी निगरानी प्रणाली का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का भौतिक सत्यापन किया तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी प्रणाली की रिकॉर्डिंग भी जांची और सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों की जिम्मेदारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने वेयरहाउस में की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लगातार बनाए रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि संजय शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि कर्णवीर सिंह कौंडल, निर्वाचन तहसीलदार राजेश शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share the news