युवा वॉलीबॉल खिलाड़ी आयुष कौंडल के निधन पर शिक्षा मंत्री ने जताया शोक, परिवार को 25 हजार की फौरी राहत

15 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

शिमला जिले के कुपवी में आयोजित 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता से लौट रहे हमीरपुर के युवा वॉलीबॉल खिलाड़ी आयुष कौंडल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने खिलाड़ी के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। जिला प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि कम उम्र में होनहार खिलाड़ी का निधन परिवार और पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

परिवार को हरसंभव सहायता के निर्देश

रोहित ठाकुर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अतिरिक्त निदेशक, उपनिदेशक और अन्य अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि परिवार को नियमानुसार अतिरिक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने पर भी विचार किया जा रहा है।

उन्होंने हमीरपुर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आयुष के पार्थिव शरीर को घर तक पहुंचाने और परिवार को आवश्यक सहायता देने के निर्देश दिए। बस में सवार अन्य खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था कुपवी स्कूल में की गई थी। इसके बाद सभी खिलाड़ियों को उनके घरों तक पहुंचाने के लिए बस की व्यवस्था की गई।

टेलीफोन के खंभे से टकराने पर लगी गंभीर चोट

आयुष कौंडल हमीरपुर जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाल्टी का छात्र था और कुपवी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने आया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, फाइनल मैच समाप्त होने के बाद वह करीब 40 अन्य खिलाड़ियों के साथ निजी बस से हमीरपुर लौट रहा था।

इसी दौरान कुपवी से लगभग तीन से चार किलोमीटर दूर सड़क किनारे खड़े टेलीफोन के खंभे से उसका सिर टकरा गया। गंभीर चोट लगने के बाद उसे तुरंत सिविल अस्पताल कुपवी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

युवा खिलाड़ी के निधन से खेल जगत और उसके परिवार में शोक की लहर है।

Share the news