राष्ट्रपति के प्रस्तावित लाहौल दौरे को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश

28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | केलांग

केलांग। राष्ट्रपति के प्रस्तावित लाहौल दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे से संबंधित व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को उपायुक्त कार्यालय, केलांग के सम्मेलन कक्ष में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने की। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में राष्ट्रपति के अटल टनल के उत्तर पोर्टल पहुंचने पर स्वागत समारोह, रिसेप्शन, पारंपरिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर सहित विभिन्न प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएं और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

वीवीआईपी रूट पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा

राष्ट्रपति के प्रस्तावित रूट पर यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अटल टनल तक सुरक्षित और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वीवीआईपी रूट के लिए ट्रैफिक कंट्रोल एवं डायवर्जन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा मार्ग में किसी भी प्रकार की बाधा न आने देने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

बैठक में सुरक्षा कर्मियों के ठहरने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अटल टनल के निरीक्षण के दौरान टनल से संबंधित तकनीकी एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

मेडिकल टीम और आपात व्यवस्थाएं रहेंगी तैयार

मॉडल रूम में होने वाली ब्रीफिंग एवं प्रस्तुति, बैठने की व्यवस्था और हाई टी सहित अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। उपायुक्त ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं तैयार रखने के निर्देश दिए।

इसके अलावा भीड़ नियंत्रण, मीडिया कवरेज के सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा पूरे रूट और आयोजन स्थल पर साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

खराब मौसम अथवा किसी अन्य आकस्मिक परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने के निर्देश भी दिए गए। संबंधित अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने, जिला नियंत्रण कक्ष को पूरी तरह सक्रिय रखने तथा कार्यक्रम से पहले सभी व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) सुनिश्चित करने को कहा गया।

अटल टनल के उत्तर पोर्टल पर मरम्मत कार्यों की समीक्षा

बैठक में अटल टनल के उत्तर पोर्टल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर चल रहे मरम्मत एवं रखरखाव कार्यों की भी समीक्षा की गई। अटल कैफे को ग्रीन रूम के रूप में तैयार करने के लिए आवश्यक मरम्मत और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान आसपास की दुकानों को बंद रखने तथा वीवीआईपी रूट पर खड़े अवैध एवं लावारिस वाहनों को हटाने के निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे से संबंधित सभी तैयारियों को गंभीरता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग एवं एजेंसियां आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि राष्ट्रपति का लाहौल दौरा सुरक्षित, सुचारू, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो।

बैठक में पुलिस अधीक्षक लाहौल-स्पीति शिवानी मेहला, पीओ आईटीडीपी अश्वनी कुमार, तहसीलदार विकास कुमार, बीडीओ मुनीश राय, सीएमओ डॉ. एमके गांधी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अजय गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अश्वनी गुलेरिया, जिला कृषि अधिकारी चौधरी राम, एसीएफ अनु ठाकुर सहित बीआरओ, बीएसएनएल और एचआरटीसी के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news