
5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | ऊना

ऊना: शिक्षक दिवस के अवसर पर स्कॉलर यूनिफाइड स्कूल, अपर अरन्याला, ऊना में विद्यार्थियों की शानदार सफलता पर स्कूल प्रबंधन ने खुशी जताई। स्कूल के पहले बैच के छात्र ध्रुव का चयन आईजीएमसी शिमला के लिए हुआ है, जबकि दूसरे बैच के विद्यार्थियों कशिश और स्नूर ने भी प्रतिष्ठित संस्थानों में चयन हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
स्कूल प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उनके परिवारों के साथ-साथ पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। स्कूल के शुरुआती बैच के विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करना अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणादायक है। इससे विद्यार्थियों में यह विश्वास पैदा होता है कि मेहनत और सही दिशा के साथ वे भी अपने लक्ष्यों को हासिल कर सकते हैं।
स्कूल प्रबंधन ने कहा, “आज शिक्षक दिवस के अवसर पर इन बच्चों ने सही मायने में मुझे गुरुदक्षिणा दी है।” उन्होंने सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब इन बच्चों ने स्कूल में प्रवेश लिया था, उस समय विद्यालय बिल्कुल नया था। इसके बावजूद अभिभावकों ने स्कूल पर भरोसा जताया और अपने बच्चों का भविष्य विद्यालय को सौंपा।
उन्होंने कहा कि अभिभावकों के इस विश्वास को कभी भुलाया नहीं जा सकता। विद्यार्थियों की सफलता उनकी मेहनत के साथ-साथ अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए बनी प्रेरणा
विद्यालय के प्रधानाचार्य धीरज शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। शिक्षक और विद्यार्थी का रिश्ता केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह विश्वास, मार्गदर्शन और संस्कारों पर आधारित होता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी उपलब्धियों से साबित किया है कि सही दिशा, मेहनत और लगन के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। सफल विद्यार्थियों की उपलब्धियां स्कूल के अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का काम करेंगी।
प्रधानाचार्य ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही, विद्यार्थियों की सफलता में योगदान देने वाले अभिभावकों और शिक्षकों का भी आभार व्यक्त किया।





