विश्व मानक दिवस पर सराज में पंचायत प्रतिनिधियों को गुणवत्ता मानकों के प्रति किया जागरूक

15 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | जंजैहली, मंडी

विश्व मानक दिवस-2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), परवाणू शाखा कार्यालय ने जंजैहली स्थित पंचायत समिति सम्मेलन हॉल में संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सराज विकास खंड के पंचायत समिति सदस्यों, ग्राम पंचायत प्रधानों और पंचायत सचिवों सहित करीब 80 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बीआईएस परवाणू शाखा कार्यालय के प्रमुख एवं निदेशक, वैज्ञानिक-ई एस.सी. नायक ने की। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को सार्वजनिक विकास कार्यों में गुणवत्ता मानकों के महत्व और उपभोक्ता संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सरकारी निर्माण कार्यों में बीआईएस प्रमाणित उत्पादों के उपयोग पर जोर दिया।

निर्माण सामग्री में आईएसआई मार्क वाले उत्पादों के उपयोग पर जोर

कार्यक्रम में सीमेंट, स्टील, बिजली के उपकरणों, पाइप और अन्य निर्माण सामग्री में आईएसआई मार्क वाले उत्पादों का इस्तेमाल सुनिश्चित करने की जानकारी दी गई। साथ ही, गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों (क्यूसीओ) के तहत अनिवार्य बीआईएस प्रमाणन वाले उत्पादों से संबंधित नियमों और बिना प्रमाणन के ऐसे उत्पादों की बिक्री या उपयोग पर संभावित कानूनी कार्रवाई के बारे में बताया गया।

हॉलमार्किंग और बीआईएस केयर ऐप की जानकारी

प्रतिभागियों को सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग, हॉलमार्क विशिष्ट पहचान संख्या (एचयूआईडी) और आभूषणों की शुद्धता जांचने की प्रक्रिया समझाई गई। बीआईएस केयर ऐप के माध्यम से आईएसआई लाइसेंस और एचयूआईडी का सत्यापन करने तथा घटिया या नकली उत्पादों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने का तरीका भी बताया गया।

कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्ता मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने में ग्राम पंचायतों की भूमिका पर विशेष बल दिया गया।

Share the news