
हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के मौजूदा और भविष्य के जल संसाधनों तथा जल परियोजनाओं से उपलब्ध अतिरिक्त जल (सरप्लस रॉ-वाटर) की कीमत निर्धारित करने के लिए एक समान राज्य नीति को मंजूरी प्रदान की है। इसके तहत अतिरिक्त जल की प्रारंभिक दर 100 रुपये प्रति 1,000 घन फुट तय की गई है। इन दरों में थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर समय-समय पर संशोधन किया जाएगा।
इस नीति का उद्देश्य प्रदेश के जल संसाधनों का पारदर्शी और आर्थिक रूप से तर्कसंगत मूल्यांकन सुनिश्चित करना तथा राज्य के वित्तीय हितों की रक्षा करना है। इसके तहत प्रदेश की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के बाद उपलब्ध अतिरिक्त जल पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों और उद्योगों को निर्धारित दरों पर उपलब्ध करवाया जाएगा। हालांकि, यह नीति प्रदेश के भीतर घरेलू उपयोग के लिए इस्तेमाल होने वाले जल पर लागू नहीं होगी।
किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना के संदर्भ में यह निर्णय विशेष महत्व रखता है। इस परियोजना के तहत हिमाचल प्रदेश को बांध के कुल लाइव स्टोरेज का 3.154 प्रतिशत हिस्सा आवंटित किया गया है, जो लगभग 42 मिलियन घन मीटर है। इसके अलावा, ऊपरी यमुना बेसिन के राज्यों के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत भी हिमाचल को यमुना नदी के जल में हिस्सा आवंटित है। इस समझौते में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए लखवाड़, किशाऊ और रेणुका जी बांध परियोजनाओं के विकास की परिकल्पना की गई है।
नई नीति हिमाचल की सभी मौजूदा और भविष्य की उन परियोजनाओं पर लागू होगी, जिनसे अन्य राज्यों अथवा पात्र एजेंसियों को अतिरिक्त जल की आपूर्ति की जाएगी। इससे किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना और प्रस्तावित रेणुका जी बांध परियोजना सहित अंतरराज्यीय बहुउद्देशीय एवं जल भंडारण परियोजनाओं के लिए मूल्य निर्धारण की एक मानकीकृत व्यवस्था स्थापित होगी।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उनका उचित आर्थिक प्रतिफल सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। जल प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपत्तियों में से एक है। ऐसे में अन्य राज्यों अथवा एजेंसियों को अधिशेष जल उपलब्ध करवाते समय उसके वास्तविक आर्थिक मूल्य को उचित महत्व देना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नीति से जल की दरें निर्धारित करने और उनमें समय-समय पर संशोधन के लिए पारदर्शी एवं एक समान व्यवस्था स्थापित होगी, जिससे प्रदेश के दीर्घकालिक वित्तीय हित सुरक्षित रहेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य राज्यों को अतिरिक्त जल उपलब्ध करवाने से पहले हिमाचल के हितों और आवश्यकताओं का पूरा संरक्षण किया जाएगा। प्रदेश की पेयजल, सिंचाई, कृषि, पर्यावरणीय और विकासात्मक जरूरतें सर्वोपरि रहेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए दृढ़ता से कार्य कर रही है, ताकि राज्य के बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधन प्रदेश की आर्थिक समृद्धि और समग्र विकास में योगदान दे सकें।






