हिमाचल में अनाथ बच्चों और असहायों के लिए मुख्यमंत्री बनाएंगे सुखाश्रय कोष, विधायक अपनी पहली तनख्वाह से देगे एक-एक लाख रुपये

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

02 जनवरी 2023

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अनाथ बच्चों और असहायों के लिए मुख्यमंत्री सुखाश्रय कोष बनाएंगे। इसके लिए 101 करोड़ रुपये के बजट का तुरंत प्रावधान किया गया है। सीएम ने कहा कि सभी कांग्रेस विधायक इस कोष में अपनी पहली तनख्वाह से एक-एक लाख रुपये इस कोष में दान करेंगे। भाजपा विधायकों से भी अंशदान के लिए अनुरोध किया जाएगा।

यह जानकारी सीएम ने रविवार को नए वर्ष के पहले दिन होटल होलीडे होम में पत्रकार वार्ता में दी। सीएम ने कहा कि अनाथालयों में रह रहे बच्चों को इस कोष में एकत्र बजट से जेब खर्च के लिए भी दिया जाएगा। उनकी उच्च शिक्षा का खर्च भी इसी से वहन होगा। उन्होंने कहा कि सरकार बने हुए 21 दिन हो गए हैं। सरकार ने सजगता दिखाई है। सीएम पद पर शपथ लेने के बाद वह सचिवालय नहीं, बल्कि बालिका आश्रम गए।

उन्होंने वहां बच्चों से बहुत कुछ सीखा। जिनका कोई नहीं है, वे किस प्रकार से जीवन जी रहे हैं, यह सब देखा। इसके बाद वह मशोबरा वृद्धाश्रम गए। अब 21 दिन बाद सरकार ने सुखाश्रय कोष बनाने का निर्णय किया है।सबका यह मत था कि ऐसी योजना लाई जाए, जो सब बंधनों से दूर हो। उन्होंने कहा कि पूरे हिमाचल में अनाथाश्रमों में करीब छह हजार लोग होंगे। 12वीं कक्षा की पढ़ाई तक तो अनाथाश्रम बच्चों को आश्रय देते हैं। उसके बाद की पढ़ाई का खर्च इसी कोष से होगा।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news