
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
24 जनवरी 2023

मंत्री की शह से नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर चल रही है खींचतान
सोलन विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे प्रदेश कार्यकरिणी सदस्य डॉ राजेश कश्यप ने कांग्रेस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोलन विधायक व मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल शह पर सोलन नगर निगम के पार्षदों में गुटबाजी चल रही है। जिससे शहर के विकास कार्यों में ब्रेक लगी है। डॉ राजेश ने कहा कि
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोलन को नगर निगम का तोहफा तो दिया लेकिन नगर निगम में काबिज कांग्रेस ने लोगों से झूठे वादे कर जीत तो हासिल की लेकिन अब शहर की जनता खुद को ठगा महसूस कर रही है। एक तरफ कांग्रेस में स्थानीय विधायक व मंत्री की शह पर नगर निगम की मेयर व डिप्टी मेयर की कुर्सी को लेकर खींचतान चल रही है जो आजकल साफ दिखाई दे रही है वही कांग्रेस पार्षदों की गुटबाजी से शहर के विकास कार्य ठप पड़े हैं। ऐसे में सोलन की जनता को ना तो सस्ता पानी मिला ना ही मुफ्त में कूड़ा उठाने की व्यवस्था हो पाई। शहर में सफाई व्यवस्था के बुरे हाल है। सार्वजनिक शौचालय जिनकी हालात बेहद बदतर है जिस कारण सोलन में महामारी फैलने का भी खतरा पैदा हो सकता है
साफ जाहिर है कि कांग्रेस की गुटबाजी का खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। वहीं नगर निगम शहर के विकास के लिए बजट का रोना रो रही है जबकि पूर्व की भाजपा सरकार ने नगर निगम को करोड़ों रुपए की धनराशि जारी की थी।
प्रदेश में अब कांग्रेस की सरकार है नगर निगम चुनाव से पूर्व सोलन की जनता से जो वादे किए उन्हें पूरा करे नहीं तो सोलन की जनता से माफी मांगे कांग्रेसी नेता
डॉ राजेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश सरकार नित नए फरमान से लोगों पर महंगाई थोपने का काम कर रही है जबकि कांग्रेस चुनाव से पहले महंगाई और बेरोजगारी को लेकर बड़े-बड़े दावे करती थी। प्रदेश में कांग्रेस सरकार बने डेढ़ महीना बीत जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर कोई काम होता नजर नहीं आ रहा है।
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन





