नालागढ़ फोरलेन से कब्जा न छोड़ने पर फंसा पिंजौर-बद्दी-नालागढ़ एनएच का काम

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

20 अप्रैल 2023

नालागढ़ फोरलेन से कब्जा न छोड़ने वालों के कारण काम में देरी होती जा रही है। करीब छह माह से इस फोरलेन का काम चला हुआ है, मगर अभी तक यहां पर 44 परिवारों ने कब्जा नहीं छोड़ा है। न तो यह परिवार मुआवजा लेने आ रहे हैं और न ही कब्जा छोड़ रहे हैं। ऐसे में अब यह लोग प्रशासन के लिए मुसीबत बने हुए हैं। क्योंकि इससे परेशान अब निर्माण कंपनी भी कार्य न करने की चेेतावनी दे चुकी है। हालांकि अब प्रशासन ने इन लोगों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं कि अपना मुआवजा लें और कब्जा हटा लें अन्यथा प्रशासन फोरलेन की जद में आए मकानों पर बुल्डोजर चलवाएगा। प्रशासन ने इन कब्जाधारकों को नोटिस जारी कर 21 दिन का समय दिया है, उसके बाद कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

नालागढ़ फोरलेन पर बद्दी से नालागढ़ तक 460 लोगों के मकान फोरलेन में आए हैं। अधिकांश लोगों ने अपने कब्जे हटा लिए हैं। लेकिन 44 मकान मालिक ऐसे हैं जिनका मुआवजा आ चुका है, मगर यह लोग लेने नहीं आ रहे। बताया जा रहा है कि उन्होंने दुकानें किराए पर चढ़ा रखी हैं और इन दुकानों से किराया वसूला जा रहा है। अगर वह मुआवजा ले लेते हैं तो उन्हें कब्जा छोड़ना पड़ेगा। पिंजौर से नालागढ़ तक फोरलेन की लंबाई करीब 35 किमी है। पटेल कंपनी ने इस मार्ग का निर्माण का ठेका लिया हुआ है। इस मार्ग पर बद्दी बैरियर से लेकर ट्रक यूनियन तक एक फ्लाई ओवर बनना है। 30 माह के भीतर यह फोरलेन तैयार होना है लेकिन कब्जाधारकों के कारण काम में भी देरी हो रही है। फोरलेन निर्माण का कार्य देख रहे विशेष प्रशासनिक अधिकारी सुभाष सकलानी ने बताया कि 44 ऐसे लोग हैं जिनका मुआवजा आ चुका है लेकिन वह न तो मुआवजा ले रहे हैं और न ही कब्जा छोड़ रहे। प्रशासन की ओर से सभी को नोटिस जारी कर दिया है। अगर से 21 दिन के भीतर कब्जा नहीं हटाते तो प्रशासन इन मकानों पर बुल्डोजर चलवा देगा। कब्जा न हटने से कार्य धीमी गति से चल रहा है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news