जल्दी ही शत् प्रतिशत लक्ष्य हासिल करेगा हिमाचल – मुकेश अग्निहोत्री

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

5 जुलाई 2023

हर घर जल पहुंचाने के मामले में हिमाचल प्रदेश देश में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में अपना स्थान रखता है। विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश जल्दी ही शत् प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लेगा हिमाचल प्रदेश में कुल 17.08 लाख ग्रामीण परिवार हैं जिनमें से 99.85 प्रतिशत घरों का कवरेज हासिल कर लिया है जो राष्ट्रीय औसत 64.11 प्रतिशत के मुकाबले काफी ऊपर है।

समग्र कार्यक्षमता में भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्षमता मूल्यांकन के अनुसार हिमाचल प्रदेश सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों में से एक है और FHTC कवरेज में शीर्ष 9 राज्यों में से एक है। जबकि पहाड़ी राज्यों में हिमाचल सबसे आगे है। प्रदेश के 8 जिलों (लाहौल और स्पीति, किन्नौर, ऊना, बिलासपुर, सोलन, चंबा, हमीरपुर और मंडी) के सभी घरों को कार्यात्मक नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं।

हाल ही में प्रदेश का जिला मंडी हर घर जल पहुंचाने वाला आठवां जिला बना है। मण्डी जिला के 14 ब्लॉकों, 559 ग्राम पंचायतों तथा 3093 गांवों में 3,08,119 घरेलू कनेक्शन उपलब्ध कराकर यह लक्ष्य हासिल किया है। जिला की इस उपलब्धि के लिए उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है। वहीं अब तक 46 ब्लॉक, 3321 ग्राम पंचायतें और 17,366 गांव पूरी तरह कवर हो चुके हैं।

उप मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि राज्य स्तरीय योजना स्वीकृति समिति द्वारा राज्य में कुल 1742 योजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिसकी अनुमानित राशि 5757.79 करोड़ रुपये है। इनमें से 341 योजनाएँ पूरी हो चुकी हैं और शेष 1401 योजनाओं का काम प्रगति पर है। उप मुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार से उदारता पूर्वक वित्तीय सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है। उन्होंने केन्द्र को आश्वस्त किया है कि हिमाचल प्रदेश अपना लक्ष्य हासिल करने में कोई कमी नहीं बाकी नहीं रखेगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news