
#खबर अभी अभी ऊना ब्यूरो*
24 जुलाई 2023
9 और 10 जुलाई को भारी बारिश के बाद सोमभद्रा नदी में आए उफान की जद में आकर क्षतिग्रस्त हुए ऊना होशियारपुर रोड को सोमवार को दोबारा थ्रू कर दिया गया है। करीब 15 दिनों चले मरम्मत कार्य के बाद फिलहाल ऊना होशियारपुर रोड वाया झलेड़ा से यातायात पूरी तरह से शुरू कर दिया गया है। हालांकि लालसिंगी होते हुए सोमभद्रा नदी के किनारे आने वाला पुराना होशियारपुर रोड अभी भी मरम्मत कार्य के चलते कई दिन तक बंद रहने की संभावना है। इस रोड से होते हुए रोजाना झलेड़ा से अपने गांव जाने वाले देवेंद्र सिंह जसवाल ने बताया कि पुल का एप्रोच रोड टूटने के कारण उन्हें कुछ सौ मीटर की बजाय कई किलोमीटर का सफर तय करते हुए अपने गांव जाना पड़ता था लेकिन अब पुल के दोबारा बहाल होने से उन्हें सुविधा मिली है। दूसरी तरफ रामपाल सैनी ने कहा कि पुल के अप्रोच रोड का मरम्मत कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा करते हुए लोगों को सुविधा प्रदान की गई है जिसका निश्चित रूप से लोगों को लाभ मिल रहा है।
वहीं, एसडीएम ऊना विश्वमोहन देव चौहान का कहना है कि पुल का एप्रोच रोड टूटने के कारण करीब 15 दिन तक इस रोड से यातायात बंद रहा है। लेकिन अब इसे पूरी तरह यातायात के लिए खोल दिया गया है हालांकि पुल के पास पुराना होशियारपुर रोड पर चल रहा मरम्मत कार्य अभी कुछ दिन और चलने वाला है जिसके चलते यह सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगी।





