आधार कार्ड फर्जीवाड़े के केस में सीमा और सचिन के नाम नदारद, सवालों के जवाब मिलने अभी भी बाकी

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो#

28 जुलाई 2023

बुलंदशहर के अहमदगढ़ में जनसेवा केंद्र चलाने वाले दो भाई प्रमोद और पवन मीणा को जेल भेजने के मामले को सीमा हैदर और सचिन से बरामद तीन आधार कार्ड से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रमोद, पवन और सचिन के रिश्तेदार को हिरासत में लेने के बाद उनके परिजन और ग्रामीण सचिन की निशानदेही पर कार्रवाई का दावा कर रहे थे। जनसेवा केंद्र संचालक दोनों भाइयों को अहमदगढ़ से काले रंग के वाहन में हिरासत में लेने का दावा करता सीसीटीवी फुटेज भी वायरल है। इसके बावजूद प्रमोद व पवन मीणा के खिलाफ दर्ज की गई एफआईआर में सीमा हैदर व सचिन या उनके रिश्तेदार के नाम नहीं होने पर कई सवाल उठ रहे हैं।

बुलंदशहर के अहमदगढ़ में रविवार को गौतमबुद्ध नगर पुलिस के सचिन को साथ ले जाकर दबिश देने की खबरें सामने आईं थीं। लोगों ने जानकारी दी थी कि पुलिस टीम सचिन के एक रिश्तेदार व जनसेवा केंद्र चलाने वाले दो भाइयों को हिरासत में लेकर आई है। पुलिस टीम जनसेवा केंद्र से काफी सामान भी बरामद कर लाई थी। सचिन के अहमदगढ़ के रिश्तेदारों के वीडियो भी सामने आए थे। जिसमें वह जानकारी दे रहे थे कि सचिन को साथ लाकर पुलिस ने कार्रवाई की है।
उम्मीद जताई जा रही थी कि सीमा हैदर व सचिन की गिरफ्तारी के दौरान बरामद किए गए तीन आधार कार्ड के मामले में कार्रवाई की गई है। अमर उजाला ने बुधवार को दोनों भाइयों प्रमोद व पवन मीणा को जेल भेजने का समाचार प्रकाशित किया और ये भी सवाल उठाया कि पुलिस ने ये जानकारी नहीं दी कि दोनों को किस मामले में जेल भेजा गया। बुधवार रात को पुलिस ने बताया कि दोनों भाइयों को फर्जी आधार कार्ड बनाने में जेल भेजा गया, लेकिन सीमा व सचिन के मामले का एफआईआर में जिक्र नहीं था। गिरफ्तारी भी मुखबिर की सूचना पर दादरी से होने का दावा किया गया।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो#

Share the news