एचआरटीसी सुंदरनगर के बस कंडक्टर से पौंटा साहिब में परवाणु फ्लाइंग टीम द्वारा की गई बदसलूकी

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

28 जुलाई 2023

सुंदरनगर एचआरटीसी की बस कुल्लू से हरिद्वार वाया देहरादून के कंडक्टर दिनेश कुमार वीरवार सुबह परवाणू फ्लाइंग टीम द्वारा बदसलूकी के शिकार हो गए। सुंदरनगर डिपो की बस कुल्लू से हरिद्वार वाया देहरादून में बुधवार रात्रि साढ़े बारह बजे कंडक्टर दिनेश कुमार की ड्यूटी शुरू हुई। जब बस वीरवार सुबह लगभग 10 बजे पोंटा साहब से थोड़ा आगे धर्मा वाला चौक के नजदीक पहुंची तो वहां पर टिकट चेकिंग के लिए परवानू की फ़्लाइंग टीम ने बस रुकवाई व कंडक्टर को बाहर बुलाया। उस समय कंडक्टर ने लगभग पूरी बस की टिकट काट ली थी तथा 2 से 3 सवारियों की टिकट काटने ही वाला था कि चेकिंग टीम के इंस्पेक्टर ने उन्हें नीचे उतार दिया। कंडक्टर पर आरोप लगाया गया कि आप टिकट न काट कर टांका लगाते हो और आपने 2 से 3 सवारियों की टिकटें नहीं काटी हैं।

बस कंडक्टर दिनेश कुमार इंस्पेक्टर के आगे कसमें खाकर बार-बार कहता रहा कि जनाब मैंने कोई टांका नहीं लगाया है लेकिन फ्लाइंग टीम के इंस्पेक्टर ने उनकी एक न सुनी तथा उन पर 295 रुपये का टांका लगाने की ज़बरदस्ती कार्यवाही लिख दी। जब सारी सवारियां बस से बाहर निकली तथा वीडियो बनाकर कंडक्टर दिनेश कुमार के पक्ष में जोर-जोर से गवाही देने लगी तो इंस्पेक्टर महोदय वहां से अपनी जीप में चुपचाप खिसक लिए। सवारियों द्वारा बनाया गया वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो गया। घटना के तुरंत बाद कंडक्टर दिनेश कुमार ने अपने अफसर आर.एम. सुंदरनगर को पूरे मामले की जानकारी फोन पर दी। बस कंडक्टर ने कहा है कि उन्होंने आज तक अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ की है तथा अपनी 5 वर्ष की नौकरी में कभी भी किसी सवारी का 1 रुपया भी अपने पास नहीं रखा है। कंडक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि इस झूठे आरोप से वे बहुत आहत हुए हैं। उन्होंने अपने आला अधिकारियों से इस घटना की निष्पक्ष जांच करने की मांग करते हुए कहा है कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति पर कड़ी कार्यवाही की जाए।

उधर जैसे ही घटना की जानकारी कंडक्टर दिनेश कुमार के गाँव व गृह ग्राम पंचायत लुहाखर (बल्ह) में पहुंची तो गांववासी आग बबूला हो गए। ग्राम पंचायत लुहाखर के तेज तर्रार प्रधान टेकचंद ठाकुर ने कहा कि लुहाखर पंचायत का निवासी दिनेश कुमार एक निहायत ही ईमानदार व मेहनती लड़का है। प्रधान टेकचंद ठाकुर ने बताया कि दिनेश कुमार एक पढ़ा लिखा लड़का है तथा एक बहुत अच्छे परिवार से सम्बंध रखता है। दिनेश के पिता जी राजस्व विभाग से कानूनगो के पद से सेवानिवृत्त हैं। लुहाखर पंचायत प्रधान ने कहा कि विभाग अगर कंडक्टर दिनेश कुमार के साथ उचित न्याय नहीं करता तो वे पूरी लुहाखर पंचायत की जनता के साथ सुंदरनगर में धरना देने को विवश हो जाएंगे। अब देखने वाली बात होगी कि परिवहन विभाग इस मामले में संज्ञान लेकर कब और क्या कार्यवाही करता है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news