नौणी में मनाया गया राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

7 अक्तूबर 2023

69वें राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह के तहत डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के सिल्विकल्चर एवं एग्रोफोरेस्ट्री विभाग द्वारा दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शुक्रवार शाम को आयोजित समापन सत्र के दौरान कार्यवाहक कुलपति एवं विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. इंद्रदेव मुख्य अतिथि रहे।

 सिल्विकल्चर और एग्रोफोरेस्ट्री विभाग के प्रोफेसर और हैड डॉ. डीआर भारद्वाज ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह मनाने के लिए विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि भारत में वन्यजीवों के महत्व और उनके संरक्षण के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए राष्ट्रीय वन्यजीव सप्ताह हर वर्ष 2 से 8 अक्टूबर तक पूरे भारत में मनाया जाता है। यह वार्षिक उत्सव महात्मा गांधी, जिन्होंने अहिंसा और सभी जीवों के प्रति करुणा के सिद्धांतों का समर्थन किया, की जयंती के साथ शुरू होता है। वन्यजीव सप्ताह 2023 का विषय ‘वन्यजीव संरक्षण के लिए साझेदारी’ है।

 इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए  डॉ. इंद्र देव ने भारत में वन्यजीव प्रजातियों के संरक्षण के लिए चलाए जा रही कई परियोजनाओं के तहत किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति ऐसे उदाहरणों से भरी है जो हमें पर्यावरण और वन्य जीव संरक्षण की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव पूरे पारिस्थितिकी तंत्र का एक अभिन्न अंग हैं और संरक्षण में सफलता के लिए सभी के प्रयासों की आवश्यकता है। उन्होंने भारत की समृद्ध संस्कृति से विभिन्न उदाहरण दिए जो जानवरों के महत्व को दर्शाते हैं और बताया की यह हमें प्रकृति के साथ सद्भाव में रहना सिखाते हैं।

2014 बैच के आईएफएस अधिकारी डीएफओ सोलन कुणाल अंगरीश कार्यक्रम के दौरान अतिथि वक्ता रहे। उन्होंने दुनिया भर से कई पर्यावरण और वन्य जीव संरक्षक कार्यकर्ताओं के उदाहरण साझा किए जिनके प्रयासों से वन्य जीवों और पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में वैश्विक कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि वन्य जीवों का संरक्षण एक सतत प्रक्रिया है। अंगरीश ने छात्रों से संरक्षण प्रयासों में सक्रिय योगदानकर्ता बनने के लिए कहा।

इस मौके पर मुख्य अतिथि ने वन्यजीव सप्ताह समारोह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान किये। नारा लेखन में अक्षिता ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया जबकि विशाल और अंश क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। पोस्टर मेकिंग में नव्या ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया। प्रिया और अदिति क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। पेंटिंग में रशिक पहले स्थान पर रहे, जबकि इरम और विपिन ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। डेक्लामेशन में नव्या ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि शैफाली और सिया ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।

इस कार्यक्रम में डीन कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर डॉ. मनीष शर्मा, कार्यवाहक डीन कॉलेज ऑफ फॉरेस्ट्री डॉ. एचपी सांख्यान, आईएफएस अधिकारी समीर राज सहित दोनों कॉलेजों के संकाय और छात्रों ने भाग लिया।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news