
खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो
22 मार्च 2024

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने विधायकों को संभाल नहीं पाए हैं। वे चुने हुए जनप्रतिनिधियों का सम्मान नहीं कर पाए हैं, जिसके कारण अब यह हालात बने हैं। कांग्रेस के विधायक खुद यह कह रहे हैं कि जो एक चुनाव लड़ नहीं सकते, जीत नहीं सकते, ऐसे लोग सरकार चला रहे हैं। चुने हुए प्रतिनिधियों को जलालत झेलनी पड़ रही है। गुरुवार को जयराम ठाकुर ने कहा कि इसी कारण इन जनप्रतिनिधियों ने अपने पर्यवेक्षक को दिखाकर अपने पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार के खिलाफ मतदान किया है।
मुख्यमंत्री अपने आपमें झांकें और भाजपा को दोष देना बंद करें। प्रदेश के राजनीतिक हालात के दोषी स्वयं हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में जो भी विकास हो रहा है, वह केंद्र सरकार की बदौलत ही हो रहा है। आपदा के समय केंद्र सरकार ने हिमाचल का पूरा सहयोग किया। 1800 करोड़ रुपये से ज्यादा की नकद सहायता की। इसके अलावा आधारभूत ढांचा के पुनर्निर्माण में भी हजारों करोड़ रुपये का सहयोग किया।





