
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
6 अगस्त 2024
हिमाचल प्रदेश के समेज, बागीपुल व राजबन में 31 जुलाई की रात को बादल फटने के बाद अभी भी 44 लोग लापता हैं। लापता लोगों को खोजने के लिए सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और होमगार्ड की ओर से सर्च ऑपरेशन छठे दिन भी लगातार जारी है। सर्च ऑपरेशन में बारिश भी बाधा बन रही है। मंगलवार को राजबन में महिला का एक शव मिला है। यहां अभी भी एक लापता है। लापता हुए 10 लोगों में से नौ के शव बरामद किए जा चुके हैं। लापता को हादसे वाले स्थल से लेकर साथ बहती खड्ड में भी ढूंढा जा रहा है। वहीं सोमवार को सतलुज नदी से दो और लोगों के शव बरामद हुए थे। इनमें एक लड़की और दूसरा पुरुष है। अभी तक दोनों शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। डीएनए जांच के लिए दोनों शवों के सैंपल लिए गए हैं। रिश्तेदारों के सैंपलों के साथ मिलान करवाने के बाद शवों की शिनाख्त हो पाएगी। अभी तक सतलुज नदी से पांच शव बरामद किए जा चुके हैं। किसी की भी शिनाख्त नहीं हुई है।






