मानसून सत्र के पहले ही दिन सदन में हंगामा, विपक्ष ने किया वाकआउट

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

27 अगस्त 2024

Himachal Assembly monsoon Session live update: On the first day, there was uproar in the House, the opposition

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र मंगलवार को शुरू हुआ। लेकिन सत्र के पहले ही दिन सदन में हंगामा हुआ और विपक्ष ने वाकआउट किया। हालांकि, कुछ समय बाद विपक्ष सदन में लौटा आया। मुख्यमंत्री ने शोकोद्गार प्रस्ताव रखा। उन्होंने तीनों के योगदान को याद करते हुए वक्तव्य दिया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी शोकोद्गार वक्तव्य दिया। जयराम के बाद मंत्री राजेश धर्माणी ने शोकोद्गार वक्तव्य दिया।

शोकोद्गार के बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रश्नकाल की घोषणा की तो नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सारा काम रोककर विपक्ष की ओर से दिए गए नियम 67 के तहत स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा मांगी। विपक्ष ने नियम 67 के तहत कानून व्यवस्था विषय पर एक स्थगन प्रस्ताव दिया। इस पर विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच खूब नोकझोंक हुई। नोकझोंक के बीच विपक्ष ने सदन से वाकआउट कर दिया।  जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले कल ही ट्रक यूनियन के दो गुटों में झगड़ा हुआ। ये तस्करी से जुड़े बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि लेनदेन में कोई हिसाब नहीं मिला। 14-15 लोग डंडे लेकर पहुंचे। इनमें से एक की तो मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य पीजीआई में गंभीर रूप से घायल अवस्था में दाखिल है। एक अन्य पंचकूला में है। सोशल मीडिया पर वीडियो देखने को मिल रहे हैं। यह चिंता का विषय हो गया है। सरकार इस विषय को लेकर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि जबसे सरकार बनी है, तबसे प्रदेश में कानून-व्यवस्था बुरी तरह से बिगड़ चुकी है

कोर्ट परिसर में दूसरे प्रदेश से किराये के गुंडे गोलियां चलाते हैं। वह बहुत अफसोस के साथ कह रहे हैं कि पूर्व में रहे एक विधायक का बेटा इसमें शामिल होता है। युवती पर दराट से हमला किया जाता है। बद्दी-बरोटीवाला में चिट्टा माफिया, स्क्रैप माफिया सक्रिय है। अब तो प्रदेश में वन माफिया भी सक्रिय है। 25 पुलिस अधिकारी शिमला में लीव रिजर्व पर बैठा दिए गए हैं। दुराचार की घटनाएं हो रही हैं। स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रश्नकाल की घोषणा लगभग 11:50 मिनट पर की तो इस पर जयराम ठाकुर ने कहा कि सारा काम रोककर इस विषय पर चर्चा की जाए। इस पर संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि भाजपा के विधायकों ने पहले ही नियम 130 के तहत नोटिस दिया है।

जयराम ने प्रदेश में आपदा पर नोटिस दिया है। यह सदन दस दिन चलना है। बहुत लंबा समय है। चाहे कानून-व्यवस्था है या कोई अन्य विषय हो, उस पर सरकार चर्चा करने को तैयार है। नियम 130 के तहत चर्चा की जाए। बद्दी वाले मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस पर और भी कार्रवाई हो रही है। इस पर जयराम ठाकुर बोले कि अगर इसकी अनुमति नहीं दे रहे हैं तो गंभीर नहीं है। बाकी आपदा और बाढ़ पर नियम 130 के तहत चर्चा होगी। इस पर मंत्री चौहान ने कहा कि तमाम मामलों में कार्रवाई की जा रही है। ऐसे में अगर बहुत ज्यादा गंभीर और तात्कालिक विषय है तो ही नियम 67 में चर्चा की जाती है और सारा काम रोका जाता है। केवल वाकआउट करने के लिए और सुर्खियों में रहने के लिए ही विपक्ष ऐसा कर रहा है।

Share the news