
“खबर अभी अभी” द्वारा पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘मेरे हमसफ़र’ सम्मान समारोह–2026 एवं ‘शाम-ए-ग़ज़ल’ का भव्य आयोजन होटल अनंता चेस्टर हिल्स, सोलन में किया गया।
कार्यक्रम में कसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि हिमाचली सुप्रसिद्ध गायक विक्की चौहान विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर खबर अभी अभी के मुख्य संपादक मनीष कुमार एवं निदेशिका सीमा कश्यप भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विधायक विनोद सुल्तानपुरी एवं विशेष अतिथि विक्की चौहान को खबर अभी अभी की टीम द्वारा सम्मानित किया गया। विधायक विनोद सुल्तानपुरी ने अपने संबोधन में खबर अभी अभी द्वारा किए जा रहे सामाजिक एवं पत्रकारिता संबंधी प्रयासों की सराहना करते हुए सभी सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई दी।
वहीं विशेष अतिथि विक्की चौहान ने नशे के खिलाफ सशक्त संदेश देते हुए कहा कि समाज को इस बुराई के प्रति सजग रहना होगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई बच्चा नशे की लत में पाया जाता है तो उसे सही दिशा देने के लिए प्रशासन और पुलिस का सहयोग लेना चाहिए, ताकि उसका भविष्य बचाया जा सके।
इस अवसर पर फोटो कॉन्टेस्ट के 21 सर्वश्रेष्ठ कलाकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल के सुप्रसिद्ध ग़ज़ल गायक प्रवेश निहाल्टा ने अपनी मधुर ग़ज़लों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया, जबकि गायक अजय भरद्वाज ने अपनी शानदार गायकी से समां बांध दिया।
कार्यक्रम के मुख्य सहयोगी रहे — राजेश ठाकुर एंड कंपनी, सोलन एवं गगन अस्पताल, बद्दी।
जबकि सह- सहयोगी के रूप में एस.एफ.टी. सोलन, ठाकुर ट्रेडिंग कंपनी सोलन, डॉ. सूरी होम्योक्लीनिक सोलन एवं क्रिएशन सोलन का विशेष योगदान रहा।





