
सोलन/नालागढ़ / पवन कुमार।जिला कुल्लू में ड्यूटी के दौरान पटवारी एवं कानूनगो के साथ हुई मारपीट व जानलेवा हमले के विरोध में संयुक्त ग्रामीण राजस्व अधिकारी (पटवारी) एवं कानूनगो महासंघ, जिला सोलन ने कड़ा रोष व्यक्त किया है। दिनांक 17 जनवरी 2026 को महासंघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिरिक्त उपायुक्त सोलन के माध्यम से हिमाचल प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
महासंघ के जिला प्रधान सुमित ठाकुर ने बताया कि जिला कुल्लू में सीमांकन एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान ड्यूटी पर तैनात पटवारी और कानूनगो पर जानलेवा हमला किया गया, जो अत्यंत निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजस्व फील्ड स्टाफ सरकार के निर्देशों के अनुसार अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता है, ऐसे में उन पर हमला करना न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है बल्कि सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसा गंभीर अपराध भी है।
महासंघ ने सरकार से मांग की है कि इस मामले में दोषियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास (Attempt to Murder), सरकारी कार्य में बाधा सहित अन्य कठोर कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए राजस्व विभाग के फील्ड स्टाफ को पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि वे बिना भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
महासंघ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस गंभीर प्रकरण में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेश भर में पटवारी और कानूनगो आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपते समय महासंघ के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और उन्होंने एक स्वर में राजस्व कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई।





