
सोलन – हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) कंडक्टर यूनियन के वरिष्ठ उप प्रधान नवीन ठाकुर ने एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखने का सराहनीय कार्य किया है।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे दिवंगत वीरभद्र सिंह द्वारा 17 जून 1989 को सोलन बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास किया गया था। उस समय की शिलान्यास पटिका हाल ही में चंडीगढ़-17 बस स्टैंड के पास कबाड़ में पड़ी मिली।
नवीन ठाकुर इसे कबाड़ से लेकर आए और साफ-सफाई कर अपने पास सुरक्षित रखा। उन्होंने कहा कि यह पटिका प्रदेश के इतिहास और सोलन के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसे संरक्षित किया जाना चाहिए।
अब एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा इस शिलान्यास पटिका को औपचारिक रूप से उपायुक्त (डीसी) सोलन को सौंपा जाएगा, ताकि इसे उचित स्थान पर स्थापित कर संरक्षित किया जा सके।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि यह कदम न केवल इतिहास को संजोने की दिशा में है, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री के योगदान के प्रति सम्मान भी है।





