सोलन की सात पंचायतों को मिले ई-रिक्शा, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. शांडिल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन: ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से सोलन की विभिन्न पंचायतों को ई-रिक्शा उपलब्ध करवाए गए हैं। शनिवार को विश्राम गृह सोलन से स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने हरी झंडी दिखाकर ई-रिक्शा को संबंधित पंचायतों के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मंजूला कंवर सहित विभागीय अधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से सोलन की पंचायतों के लिए कुल 14 ई-रिक्शा उपलब्ध करवाए गए हैं। इनमें से सात ई-रिक्शा पहले ही संबंधित पंचायतों को भेजे जा चुके हैं, जबकि शनिवार को सात और पंचायतों के लिए ई-रिक्शा रवाना किए गए।

शनिवार को सपरूण, डांगरी, सलोगड़ा, आंजी, नौणी मझगांव, कोठों और औचघाट पंचायतों के लिए ई-रिक्शा रवाना किए गए।

कूड़ा प्रबंधन को मिलेगा बढ़ावा

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने कहा कि पंचायतों में कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ई-रिक्शा उपलब्ध करवाए गए हैं। इनके माध्यम से पंचायत क्षेत्रों में कूड़ा एकत्र करने और उसके उचित प्रबंधन में मदद मिलेगी।

इस दौरान सोलन में हाल में हुई घटनाओं को लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि दिन-रात यही प्रयास रहता है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बेहतर बनी रहे और लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता और बेहतर कूड़ा प्रबंधन के लिए पंचायत स्तर पर आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share the news