सराहां में राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले की तैयारियों को लेकर बैठक, भव्य आयोजन की बनी रूपरेखा

5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सराहां, सिरमौर

सराहां: सराहां में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राज्य स्तरीय वामन द्वादशी मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सांस्कृतिक संध्याओं, खेलकूद प्रतियोगिताओं, पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता, प्लॉट आवंटन, ऐतिहासिक शिरगुल ताल में नौकाविहार, मेले की सजावट तथा झूलों की व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। मेले से जुड़े अलग-अलग कार्यों के लिए सब-कमेटियों का गठन भी किया गया। इन समितियों में शामिल अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में योगदान देंगे। सभी समितियों के कार्यों की निगरानी के लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया।

उभरते स्थानीय कलाकारों को मिलेगा मंच

बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले की तीनों सांस्कृतिक संध्याओं में क्षेत्र और प्रदेश के साथ-साथ बाहरी राज्यों के कलाकारों को भी प्रस्तुति का अवसर दिया जाएगा। इसके अलावा जिला सिरमौर के उभरते स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध करवाया जाएगा।

मेले की शोभायात्रा को आकर्षक बनाने के लिए वामन भगवान, शिरगुल महाराज और श्रीराम भगवान की शोभायात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। यह शोभायात्रा सराहां के पूरे बाजार से होकर गुजरेगी।

ऐतिहासिक शिरगुल ताल को सजाने की तैयारी

ऐतिहासिक शिरगुल ताल को भी आकर्षक ढंग से सजाने पर चर्चा हुई। तालाब में नौकाओं को विशेष रूप से सजाया जाएगा तथा देवी-देवताओं का नौकाविहार भी करवाया जाएगा, जिससे मेले के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए यह प्रमुख आकर्षण का केंद्र बने।

24 और 25 सितंबर को होंगे कुश्ती मुकाबले

कुश्ती प्रतियोगिता के तहत 24 सितंबर को पुरुषों का विशाल दंगल आयोजित किया जाएगा। वहीं, 25 सितंबर को पुरुष पहलवानों के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले करवाए जाएंगे। इसी दिन महिलाओं के लिए भी विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर, दयाल प्यारी, नीलम शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बॉक्स: मेले में पारदर्शिता को लेकर हिसाब-किताब देने के निर्देश

बैठक के दौरान एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने राम मंदिर में चढ़ने वाले चढ़ावे, भगवान वामन वीर और शिरगुल महाराज की पालकियों से जुड़े चढ़ावे सहित मेले के आयोजन से संबंधित आय-व्यय का हिसाब व्यवस्थित रूप से रखने की बात कही।

इसके अलावा वामन भगवान मंदिर में चढ़ने वाले चढ़ावे तथा सनातन धर्म हॉल और दुकानों से संबंधित हिसाब भी संबंधित कमेटियों के माध्यम से मेला कमेटी को उपलब्ध करवाने की बात रखी गई।

क्षेत्र के लोगों की ओर से लंबे समय से इन व्यवस्थाओं में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं। बैठक में एसडीएम ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित कमेटियां अपना हिसाब तैयार कर मेला कमेटी को उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता के साथ काम करने से आयोजनों को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकता है और लोगों के बीच किसी तरह की भ्रम की स्थिति भी नहीं बनेगी।

Share the news