
27/09/2026
KAHABAR ABHI ABHI
SHIMLA
पुलिस थाना सदर शिमला में निर्माणाधीन होटल से कॉपर वायर एवं अन्य वायरिंग की तारें चोरी होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में पुलिस थाना सदर शिमला में अभियोग संख्या 128/2026, धारा 305(a), 331(4) BNS के तहत दिनांक 26.09.2026 को मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने बताया कि 25.09.2026 को निर्माणाधीन होटल के स्टोर की जांच करने पर वहां से कॉपर वायर तथा अन्य वायरिंग की तारें चोरी पाई गईं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल तथा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति पीठ पर कट्टे लेकर घटनास्थल के आसपास दिखाई दिए। इसके बाद स्थानीय जानकारी एवं खुफिया सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों संदिग्धों की तलाश शुरू की और उन्हें डाउनडेल, फागली क्षेत्र से पूछताछ के लिए पुलिस थाना सदर शिमला लाया गया।
पूछताछ के दौरान तीनों की पहचान अजय साहनी उर्फ ललटू, पुत्र श्री राम उदगार साहनी, उम्र 25 वर्ष, निवासी जिला दरभंगा, बिहार, हाल निवासी डाउनडेल, फागली, शिमला; संजय, पुत्र श्री अकलू साहनी, उम्र 28 वर्ष, निवासी जिला मुजफ्फरपुर, बिहार, हाल निवासी डाउनडेल, फागली, शिमला तथा सैंटी, पुत्र श्री उपेन्द्र साहनी, उम्र 26 वर्ष, निवासी जिला दरभंगा, बिहार, हाल निवासी डाउनडेल, फागली, शिमला के रूप में हुई।
मामले में संलिप्तता पाए जाने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को 26.09.2026 को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरीशुदा माल की बरामदगी भी अमल में लाई गई है। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस रिमाण्ड प्राप्त करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
पुलिस के अनुसार मामले में अन्वेषण जारी है तथा चोरी की घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।






