बरोट घाटी में एचपी शिवा परियोजना के जापानी फल क्लस्टर का बागवानी मंत्री ने किया निरीक्षण

28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी/बरोट

मंडी/बरोट। बागवानी, राजस्व एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोमवार को द्रंग विधानसभा क्षेत्र की बरोट घाटी का दौरा कर एचपी शिवा परियोजना के तहत चल रहे बागवानी विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धमच्याण क्लस्टर में जापानी फल पर्सिमोन की फ्यूयू किस्म के लगाए गए 19,280 पौधों तथा संबंधित अधोसंरचना का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने भूमि सुधार, सौर ऊर्जा बाड़बंदी और सूक्ष्म सिंचाई व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को ड्रिप सिंचाई से संबंधित शेष कार्य आगामी दो माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि बागवानों को समय पर सिंचाई की सुविधा उपलब्ध हो सके।

75 हेक्टेयर में स्थापित किए गए पांच क्लस्टर

जगत सिंह नेगी ने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बरोट क्षेत्र में 75 हेक्टेयर भूमि को एचपी शिवा परियोजना के तहत शामिल कर पांच क्लस्टर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत हिमाचल प्रदेश को लगभग 1,200 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है और 6,000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में बागवानी विकास का कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि परियोजना के तहत लीची, अमरूद, अनार सहित विभिन्न उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है और किसानों-बागवानों को पौधे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

बागवानों को प्रशिक्षण देने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान बागवानी मंत्री ने स्थानीय बागवानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में पर्सिमोन की उन्नत खेती, वैज्ञानिक बाग प्रबंधन, प्रूनिंग तथा रोग एवं कीट नियंत्रण से संबंधित व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध करवाई जाए, ताकि बागवान बेहतर गुणवत्ता वाली फसल का उत्पादन कर सकें।

मंत्री ने वन अधिकार अधिनियम से संबंधित विषयों की जानकारी भी दी। उन्होंने कामगार कल्याण बोर्ड की ओर से प्रदान किए जा रहे विभिन्न लाभों का पात्र लोगों से लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।

क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं

इस अवसर पर जगत सिंह नेगी ने क्षेत्र के विकास से संबंधित कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि सीबीएसई स्कूल थल्टूखोड़ की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी। इसके अलावा जोगिंदरनगर से थल्टूखोड़-बरोट चलने वाली बस सेवा को जल्द बहाल करने की बात कही।

उन्होंने महिला मंडल धमच्याण-1, महिला मंडल धमच्याण-2 और बड़ी वजगाहण महिला मंडल को 15-15 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जो बागवान अपनी भूमि का पहले टेलावांड (भूमि तैयार करने की प्रक्रिया) करेंगे, उन्हें एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

मंत्री ने अधिकारियों को एचपी शिवा परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए।

इससे पहले उपनिदेशक बागवानी संजय गुप्ता ने एचपी शिवा परियोजना के तहत बरोट क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान जिला परिषद सदस्य रोशन लाल, एसडीएम पधर सुरजीत सिंह, परियोजना निदेशक समीर राणा, खंड विकास अधिकारी पधर विनय चौहान, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग राकेश ठाकुर, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विनायक कश्यप, क्लस्टर प्रधान मंगल सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष द्रंग बामन देव, प्रदेश अध्यक्ष एनजीओ प्रदीप ठाकुर, ग्राम पंचायत धमच्याण के प्रधान नरेश कुमार सहित बागवानी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के प्रगतिशील बागवान उपस्थित रहे।

Share the news