आनी में 2 से 4 नवंबर तक होगा सिराज उत्सव लवी मेला

28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | आनी

आनी। प्रदेश के प्रमुख सांस्कृतिक, धार्मिक एवं देव मेलों में शुमार सिराज उत्सव लवी मेला इस वर्ष आनी में 2 से 4 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर सिराज उत्सव मेला कमेटी की पहली बैठक सोमवार को आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मेला कमेटी के अध्यक्ष युपेंद्र कांत मिश्रा ने की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष सिराज उत्सव का आयोजन तीन दिनों तक किया जाएगा। मेले में देवता शमशरी महादेव, देवता पनेवी नाग, देवता कुल क्षेत्र महादेव, व्यास ऋषि, बिनन्नी महादेव और जोगेश्वर महादेव सहित विभिन्न देवी-देवताओं की सहभागिता रहेगी।

मिस आउटर सिराज और वॉइस ऑफ आउटर सिराज रहेंगी आकर्षण

मेले के दौरान मिस आउटर सिराज फैशन प्रतियोगिता और वॉइस ऑफ आउटर सिराज प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहेंगी। 2 से 4 नवंबर तक तीनों शाम स्टार नाइट सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें प्रदेश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध करवाया जाएगा।

मेला कमेटी ने इस वर्ष दंगल प्रतियोगिता आयोजित नहीं करने का निर्णय लिया है। कमेटी के अनुसार उत्तर भारत स्तरीय दंगल का आयोजन वर्ष 2027 में किया जाएगा।

मेले में ग्रामीण महिलाओं की पारंपरिक नाटी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके अलावा आनी क्षेत्र के स्कूलों और कॉलेजों के सांस्कृतिक दलों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जाएगा।

5 अक्टूबर को कारदारों के साथ होगी बैठक

बैठक में बताया गया कि 5 अक्टूबर को देवी-देवताओं के कारदारों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि मेला कमेटी की आम बैठक 15 अक्टूबर को होगी। इसी बैठक में स्टार नाइट के लिए कलाकारों का चयन किया जाएगा।

बैठक में मेला कमेटी अध्यक्ष युपेंद्र कांत मिश्रा, सत्यपाल ठाकुर, महेंद्र ठाकुर, शिवराज शर्मा, रमेश ठाकुर, नवनीत, अजय गोस्वामी, ओम प्रकाश चौहान, देवेंद्र ठाकुर, सुनील सूद, छविंदर शर्मा, विनोद, देशराज, अनिल, संजीव आर्यन, रोशन लाल, राजेश ठाकुर, राम कृष्ण और हुकम चंद चौधरी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Share the news