निचला भुड में विधायक राम कुमार चौधरी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, सामुदायिक भवन के लिए 2 लाख रुपये की घोषणा

29 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन

सोलन। दून विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम कुमार चौधरी ने गत दिवस ग्राम पंचायत मलपुर के गांव निचला भुड में स्थानीय ग्रामीणों की जनसमस्याएं सुनीं और उनके साथ जनसंवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पानी, सिंचाई, निकासी व्यवस्था सहित विभिन्न समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक ने कई शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया, जबकि शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया।

विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने और विकास कार्यों को गति देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों, ग्रामीणों और आम लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। विकास कार्यों का लाभ गांव के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

जनसंवाद के दौरान विधायक ने गांव में सड़क के आवश्यक पैचवर्क और पुलियों की मरम्मत जल्द करवाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही पानी की उचित निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात भी कही। उन्होंने गांव के सामुदायिक भवन की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्यों के लिए 2 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की।

कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को लेकर विधायक ने कहा कि गांव में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सिंचाई टैंक का निर्माण करवाया जाएगा तथा सिंचाई योजना के माध्यम से किसानों को पानी उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सुविधाओं को मजबूत करना आवश्यक है, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध हो सकें।

विधायक ने ग्रामीणों को लोदी माजरा में निर्माणाधीन बीज कलेक्शन सेंटर के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र के शुरू होने के बाद क्षेत्र के किसानों को बीज से संबंधित सुविधाएं नजदीक ही उपलब्ध होंगी। इससे किसानों को बीज लेने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उनके समय तथा आने-जाने के खर्च की बचत होगी।

राम कुमार चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और लोगों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनना और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत मलपुर के पूर्व प्रधान पोला राम, ग्राम पंचायत गुल्लरवाला के पूर्व उपप्रधान हेम राज, पूर्व प्रधान हितेंद्र सोनू, वार्ड पंच मेघराज सहित विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share the news