रेणुकाजी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम, 120 शिकायतें और मांगें प्राप्त

15 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | नाहन, सिरमौर

रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में कुल 120 जन शिकायतें और मांगें प्राप्त हुईं, जिनमें 92 मांगें शामिल हैं। विधायक विनय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विभागों ने शिविर लगाकर लोगों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाईं और उनकी समस्याएं सुनीं।

विधायक विनय कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच दूरी कम करना तथा लोगों की समस्याओं का उनके घर-द्वार के नजदीक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों और मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध कार्रवाई करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और स्थानीय समस्याओं का प्रभावी समाधान सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही के साथ काम करना चाहिए।

राजस्व और स्वास्थ्य सेवाओं का मिला लाभ

कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग ने सात इंतकाल किए, राजस्व अभिलेखों में एक दुरुस्ती की और विभिन्न प्रकार के 23 प्रमाण-पत्र जारी किए। इसके अलावा आधार संबंधी 22 दुरुस्तियां की गईं।

स्वास्थ्य विभाग के शिविर में लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान कुल 55 जांचें और 32 एक्स-रे किए गए।

कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी, डीएसपी राजगढ़ विद्या नेगी, जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share the news