
खबर अभी अभी
23 अक्टूबर 2026
सुंदरनगर

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पीडब्ल्यूडी सुंदरनगर में स्वास्थ्य विभाग की जीवनधारा मोबाइल मेडिकल यूनिट की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में संस्थान के स्टाफ सदस्यों और प्रशिक्षुओं के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक्स-रे, रक्तचाप (बीपी), ब्लड शुगर और हीमोग्लोबिन (एचबी) सहित विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क कीं। इसके अलावा, चिकित्सकीय परामर्श के आधार पर जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
संस्थान के प्रधानाचार्य विजय कुमार चौधरी ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य संस्थान के कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। जीवनधारा मोबाइल मेडिकल यूनिट की इस पहल से संस्थान के कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को कार्यस्थल पर ही स्वास्थ्य जांच करवाने की सुविधा मिली।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करने और उचित चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने में मददगार साबित होते हैं। नियमित स्वास्थ्य जांच से बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार में सहायता मिलती है। ऐसे आयोजन लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं।





