शिमला जिला में जनवरी माह तक चलेगा विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान: उपायुक्त

खबर अभी अभी
23 अक्टूबर 2026
शिमला

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लेते हुए उपायुक्त ने कहा कि त्यौहारी सीजन और नव वर्ष के चलते जनवरी माह तक विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला के शिक्षण संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित करके सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

इसके साथ ही सड़कों की मरम्मत के लिए सभी उपमंडलाधिकारी प्रस्ताव उपायुक्त कार्यालय को भेजेंगे, जिसके लिए तुरंत बजट मुहैया करवाया जाएगा। वहीं जिला के प्राथमिक स्कूलों के भवनों के मरम्मत कार्यों के लिए भी बजट उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में अभी तक 211 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें कुल 297 लोगों को चोटें आईं, जिनमें 90 लोगों की मौत हुई, 70 गंभीर रूप से घायल हुए और 227 लोगों को मामूली चोटें आईं। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक 45 और रात 9 बजे से रात 12 बजे तक 48 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुईं। नेशनल हाईवे पर 95 सड़क दुर्घटनाओं में 14 मौतें और 133 लोग घायल हुए, जबकि स्टेट हाईवे पर 23 सड़क दुर्घटनाओं में 9 की मौत और 48 लोग घायल हुए। वहीं ग्रामीण सड़कों पर 53 सड़क दुर्घटनाओं में 50 मौतें हुईं और 77 लोग घायल हुए। ओवरस्पीड व रैश ड्राइविंग के 84 मामले और नशे में ड्राइविंग के 7 मामले सामने आए हैं। राज्य स्तर पर 1651 सड़क दुर्घटनाओं में 757 मौतें और 2597 लोग घायल हुए हैं।

उपायुक्त ने जिला में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि रैश ड्राइविंग और ओवर स्पीडिंग न करें तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें। उन्होंने पुलिस विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम शिमला भुवन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, एसडीएम कोटखाई डॉ. मनु वर्मा, एसडीएम कुमारसैन मुकेश कुमार, एसडीएम ठियोग डॉ. मेजर शशांक गुप्ता, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा, जिला परिवहन अधिकारी मोहन शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. ईशा गुप्ता, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी राजेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share the news