
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मुंबई में आयोजित तीसरे वर्ल्ड मेयर्स फोरम में भाग लिया। अखिल भारतीय स्थानिक स्वराज्य संस्था (AIILSG) के शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय फोरम में देश-विदेश के जनप्रतिनिधियों और शहरी विकास से जुड़े विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान शहरी प्रशासन, स्थानीय स्वशासन और भविष्य के शहरों के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसमें शहरी निकायों की भूमिका, प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहरों के सुनियोजित विकास से जुड़े मुद्दों पर अनुभव एवं विचार साझा किए गए।
इस अंतरराष्ट्रीय मंच ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों को शहरी विकास की चुनौतियों और संभावनाओं पर चर्चा करने का अवसर प्रदान किया। फोरम में हुई चर्चा का केंद्र भविष्य के शहरों को बेहतर, व्यवस्थित और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में सहयोग और अनुभवों का आदान-प्रदान रहा।






