
जिला कुल्लू की मणिकरण घाटी के अंतर्गत पीणी पंचायत में बुधवार दोपहर बाद भीषण अग्निकांड हुआ। आग की चपेट में आने से लालचंद और डोले का संयुक्त ढाई मंजिला काष्ठकुणी शैली का रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। मकान के भीतर रखा घरेलू सामान, कपड़े, बर्तन और नकदी भी आग की भेंट चढ़ गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस घटना में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। हालांकि, राहत की बात यह है कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर मकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पानी व मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया।
दुर्गम क्षेत्र और मकान के लकड़ी से निर्मित होने के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल विभाग की टीम के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही मकान और उसके भीतर रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।






