
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब मशरूम की खेती को बढ़ावा देने की तैयारी है। स्कूलों में मशरूम उत्पादन शुरू करवाकर इसे मिड-डे मील में शामिल किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को पौष्टिक भोजन मिल सके। इस पहल के तहत मशरूम अनुसंधान केंद्र सोलन में समग्र शिक्षा के माध्यम से सरकारी स्कूलों के वोकेशनल शिक्षकों और एग्रीकल्चर विषय पढ़ने वाले विद्यार्थियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
मशरूम अनुसंधान केंद्र सोलन के निदेशक डॉ. बृज लाल अत्रि ने बताया कि सिरमौर, कुल्लू सहित तीन जिलों से करीब 60 शिक्षक और विद्यार्थी एक दिवसीय प्रशिक्षण के लिए केंद्र पहुंचे हैं। इससे पहले भी करीब 60 प्रतिभागियों का एक बैच प्रशिक्षण प्राप्त कर चुका है।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में ही मशरूम उत्पादन शुरू करवाना है। इसके लिए बड़े स्थान की जरूरत नहीं है। स्कूल में एक छोटा कमरा उपलब्ध होने पर भी मशरूम की खेती शुरू की जा सकती है। स्कूलों में तैयार होने वाले मशरूम को मिड-डे मील में शामिल करने की योजना है, जिससे बच्चों के भोजन की पौष्टिकता बढ़ाई जा सकेगी।
मशरूम अनुसंधान केंद्र में दो नए प्रशिक्षण शुरू
डॉ. अत्रि के अनुसार, केंद्र में पहले से पांच और नौ दिन के नियमित प्रशिक्षण कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। अब दो नए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। इनमें पहला प्रशिक्षण कीड़ा जड़ी यानी कॉर्डिसेप्स की खेती से संबंधित है। यह एक मेडिसिनल मशरूम है। विशेषज्ञों ने इसके उत्पादन से पहले नजदीकी फार्मा कंपनी के साथ संपर्क और टाई-अप करने की सलाह दी है।
दूसरा प्रशिक्षण स्पॉन यानी मशरूम का बीज तैयार करने से संबंधित है। यह पूरी तरह हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण है, जिसमें प्रतिभागियों को केवल सैद्धांतिक जानकारी देने के बजाय सीधे प्रैक्टिकल करवाया जा रहा है। इन दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों में देशभर से करीब 40 प्रतिभागी पहुंचे हैं।
घर के अंदर गुच्छी उगाने का प्रयोग फिर शुरू
मशरूम अनुसंधान केंद्र में गुच्छी को घर के अंदर उगाने का प्रयोग भी दोबारा शुरू किया गया है। डॉ. अत्रि ने बताया कि फिलहाल गुच्छी सेमी-कंट्रोल कंडीशन में वर्ष में एक बार फरवरी-मार्च के दौरान आती है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो किसानों को गुच्छी की तलाश में जंगलों का रुख नहीं करना पड़ेगा और घर के अंदर ही इसकी खेती संभव हो सकेगी। इससे किसानों को महंगी कीमत पर बिकने वाली गुच्छी के उत्पादन का नया अवसर मिल सकता है।
मशरूम उत्पादन से रोजगार के नए अवसर
डॉ. अत्रि ने बताया कि मशरूम की खेती अब स्वरोजगार का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। केंद्र में प्रशिक्षण लेने वालों में डॉक्टर, इंजीनियर, सेवानिवृत्त पेशेवर, एमबीए, स्नातक और स्कूल-कॉलेज छोड़ चुके युवा भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि मशरूम उत्पादन में श्रम की आवश्यकता अधिक होती है। बड़े स्तर पर यूनिट स्थापित करने से गांव के अन्य लोगों को भी रोजगार मिल सकता है। स्पॉन तैयार करना, कम्पोस्ट बनाना, मशरूम उत्पादन, मार्केटिंग और इस्तेमाल की गई खाद का डिकम्पोजिशन जैसे कार्य अलग-अलग रोजगार के अवसर पैदा करते हैं।
डॉ. अत्रि ने कहा कि मशरूम की खेती करने वाला व्यक्ति केवल रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला भी बन सकता है।






