मोहल में जेंडर रिसोर्स सेंटर का शुभारंभ, 150 से अधिक महिलाओं ने लिया भाग

खबर अभी अभी | कुल्लू

महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों के संरक्षण और सशक्तिकरण की दिशा में विकास खंड कुल्लू के मोहल में जेंडर रिसोर्स सेंटर (जीआरसी) का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में 150 से अधिक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खंड विकास अधिकारी कुल्लू लक्ष्मी चंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि मिशन कार्यकारी नीरज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कुल्लू विकास खंड के सभी क्लस्टरों के पदाधिकारियों, सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों (सीआरपी), ग्राम संगठनों (वीओ) और विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने भागीदारी की। कार्यक्रम की शुरुआत नोडल सीएलएफ की ओर से अतिथियों के स्वागत और अभिनंदन के साथ हुई।

इस अवसर पर मिशन कार्यकारी नीरज शर्मा ने जेंडर रिसोर्स सेंटर की अवधारणा, उद्देश्य और उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्र का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनकी सुरक्षा के लिए सहयोग देना तथा जरूरतमंद महिलाओं को कानूनी सहायता, परामर्श और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना है। यह केंद्र महिलाओं को एक ही छत के नीचे आवश्यक सहयोग और समस्याओं के समाधान के लिए सशक्त मंच प्रदान करेगा।

मुख्य अतिथि लक्ष्मी चंद शर्मा ने कहा कि जेंडर रिसोर्स सेंटर महिलाओं के लिए एक मजबूत सहयोगी मंच साबित होगा। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और समान अधिकार सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी तरह के अन्याय या समस्या के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित महिलाओं और अतिथियों ने जेंडर रिसोर्स सेंटर तथा ‘नई चेतना’ अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को बढ़ावा देने की शपथ ली।

इसके बाद मुख्य अतिथि ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली मोहल बाजार से होकर गुजरी। इसमें शामिल महिलाओं ने महिला सुरक्षा, अधिकारों, समानता और सशक्तिकरण का संदेश दिया। साथ ही स्थानीय लोगों से महिलाओं के अधिकारों का सम्मान करने और सुरक्षित एवं भेदभावमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।

जेंडर रिसोर्स सेंटर का शुभारंभ महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान, अधिकार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उम्मीद है कि यह केंद्र महिलाओं को जागरूक और सशक्त बनाने के साथ समाज में समानता और सुरक्षित वातावरण को बढ़ावा देने में भी भूमिका निभाएगा।

Share the news