
जिला कुल्लू में आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित परिवारों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बैंकों को वाईएस परमार शिक्षा ऋण योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सभी बैंक गंभीरता से प्रयास करें।
जिला स्तरीय सलाहकार एवं समीक्षा समिति की सितंबर 2026 तिमाही की बैठक जिला बचत भवन कुल्लू के सभागार में उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी बैंकों से सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उपायुक्त ने कहा कि इसके लिए बैंकों को जागरूकता अभियान तेज करने चाहिए और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समय-समय पर वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित करने चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि विभागों और बैंकों की बैठकों के दौरान बैंक अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर अपनी योजनाओं और उनका लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण और युवाओं में उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने के लिए भी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। उपायुक्त ने बैंकों को गुणवत्ता के आधार पर अधिक से अधिक ऋण वितरित करने और वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही ऋण-जमा अनुपात में लगातार वृद्धि करने को कहा।
बैठक में बैंकों की अनर्जक आस्तियों (एनपीए) पर भी चिंता व्यक्त की गई। उपायुक्त ने ऋण वसूली के कार्य में प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कुल जमा राशि 11,978.36 करोड़ रुपये
जिले की वार्षिक साख योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बताया कि 30 सितंबर 2026 तक कुल जमा राशि 11,978.36 करोड़ रुपये और कुल ऋण 5,621.46 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस अवधि में जिले का ऋण-जमा अनुपात 46.93 प्रतिशत रहा।
अग्रणी जिला प्रबंधक राजेंद्र कुमार ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि 30 सितंबर 2026 तक जिले में कुल 1,919.98 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं। यह वार्षिक लक्ष्य 3,902.27 करोड़ रुपये का 49.20 प्रतिशत है।
क्षेत्रवार ऋण वितरण में कृषि क्षेत्र के लिए 660.42 करोड़ रुपये, उद्योग एवं व्यवसाय क्षेत्र के लिए 683.57 करोड़ रुपये, आवास ऋण के तहत 28.70 करोड़ रुपये, शिक्षा ऋण के तहत 1.66 करोड़ रुपये, अन्य प्राथमिकता क्षेत्रों में 32.68 करोड़ रुपये और गैर-प्राथमिकता क्षेत्र में 543.31 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में लाखों पंजीकरण
बैठक में बताया गया कि जिले में बैंकों के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत अब तक प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 92,801, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 2,23,603 और अटल पेंशन योजना में 42,537 पात्र खाताधारकों का पंजीकरण किया गया है।
बैठक में डीडीएम नाबार्ड अनीता ठाकुर, विभिन्न सरकारी विभागों के प्रमुख, सभी बैंकों के डीसीओ और संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।






