
खबर अभी अभी | मंडी
संविधान दिवस के अवसर पर शिक्षा खंड द्रंग-1 की राजकीय प्राथमिक पाठशाला छाणंग स्थित घरोन में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उसकी शपथ ली और पेंटिंग प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई। इस दौरान पांचवीं कक्षा के छात्र शिवांश ने भारतीय संविधान के विषय में अपने विचार प्रस्तुत किए। इसके बाद शिक्षक प्यार चंद सकलानी ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, उसके मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद सभी विद्यार्थियों ने संविधान की शपथ ली।
दोपहर बाद विद्यार्थियों के लिए भारतीय संविधान विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में चौथी कक्षा की रिया ने शानदार पेंटिंग बनाकर प्रथम स्थान हासिल किया। पांचवीं कक्षा की परिधि द्वितीय और दूसरी कक्षा की वान्या तृतीय स्थान पर रही। अन्य विद्यार्थियों ने भी प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शिक्षक प्यार चंद सकलानी ने बताया कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के उद्देश्य से स्कूल में समय-समय पर विभिन्न गतिविधियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं।






