मंडी में चार नि:शुल्क कौशल विकास कोर्स के लिए आवेदन आमंत्रित, युवाओं और महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण

खबर अभी अभी | मंडी

युवाओं और महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम (एनएसआईसी) प्रशिक्षण केंद्र मंडी में चार नि:शुल्क कौशल विकास पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। प्रत्येक पाठ्यक्रम में 20 सीटें निर्धारित की गई हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने बताया कि भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत एनएसआईसी द्वारा वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ये प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें महिला टेलरिंग (कटिंग-टेलरिंग), डेटा एंट्री एवं ऑफिस असिस्टेंट, टैली अकाउंटिंग एवं जीएसटी और हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग के पाठ्यक्रम शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि महिला टेलरिंग और डेटा एंट्री एवं ऑफिस असिस्टेंट का प्रशिक्षण तीन-तीन महीने का होगा, जबकि टैली अकाउंटिंग एवं जीएसटी तथा हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग का प्रशिक्षण एक-एक महीने की अवधि का रहेगा।

पाठ्यक्रमों के लिए निर्धारित योग्यता

इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग-अलग निर्धारित की गई है। महिला टेलरिंग के लिए 9वीं पास, डेटा एंट्री एवं ऑफिस असिस्टेंट के लिए 10वीं पास, टैली अकाउंटिंग एवं जीएसटी के लिए 12वीं पास और हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग के लिए 10वीं पास होना अनिवार्य है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु 18 वर्ष या इससे अधिक होनी चाहिए।

खास बात यह है कि सामान्य वर्ग के साथ-साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग सहित सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों के लिए प्रशिक्षण पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा।

यहां करें आवेदन

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी दो पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड की प्रति और शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र की फोटोकॉपी के साथ एनएसआईसी प्रशिक्षण केंद्र, पुलघराट मंडी में आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रतिभागियों को मंत्रालय और एनएसआईसी की ओर से प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।

अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी एनएसआईसी प्रशिक्षण केंद्र मंडी के दूरभाष नंबर 01905-226471 या 98160-71471 पर संपर्क कर सकते हैं।

Share the news