
24 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट और मिनी क्रूज से बढ़ेगा पर्यटकों का रोमांच, स्थानीय युवाओं को मिलेंगे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर
हिमाचल प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से जिला मंडी के ऐहन में इन गतिविधियों का शुभारंभ किया। ऐहन से तत्तापानी तक करीब 35 किलोमीटर लंबे जलाशय क्षेत्र में इन गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा।
इस पहल से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
स्पीड बोट से मिनी क्रूज तक मिलेंगी सुविधाएं
कोल डैम जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए यहां विभिन्न साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियां शुरू की जा रही हैं। पर्यटकों के लिए स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज उपलब्ध होगा।
इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यटक जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ रोमांचक अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे।
पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वॉटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियां पर्यटन क्षेत्र के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन से लाखों परिवारों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलते हैं। इससे राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होती है। प्रदेश सरकार इससे पहले बिलासपुर में भी इस तरह की गतिविधियां शुरू कर चुकी है। सरकार का लक्ष्य हिमाचल प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाना है।
स्थानीय लोगों की आय बढ़ने की उम्मीद
इस अवसर पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच अब धरातल पर साकार हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि कोल डैम में वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया और महाधिवक्ता अनूप रतन उपस्थित रहे।
वहीं, जिला मंडी के ऐहन में जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, उपायुक्त अपूर्व देवगन सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।





