तत्तापानी में बनने वाले हॉट वाटर पूल और सामुदायिक भवन स्थल का राजस्व मंत्री ने किया निरीक्षण

खबर अभी अभी
23 अक्टूबर 2026
करसोग

प्रदेश के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज ऋषि जमदग्नि की तपोभूमि, तीर्थ स्थली करसोग के तत्तापानी में बनने वाले गर्म पानी स्नानागार (हॉट वाटर पूल) और सामुदायिक भवन के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और कोलडैम प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने आधुनिक स्नानागार बनाने के लिए प्रस्तावित साइट पर अपनी सहमति जताई और शीघ्र सभी औपचारिकताएं पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि धार्मिक आस्था से यहां पवित्र स्नान करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक माह के भीतर प्रथम चरण में होने वाले कार्य की ड्राइंग और एस्टीमेट तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य किया जाएगा।

राजस्व मंत्री ने तत्तापानी में आमजन की सुविधा के लिए किए जाने वाले अन्य विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को दूर कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिस पर कोलडैम के अधिकारियों ने भी अपनी सहमति जताई। इनमें फुटपाथ निर्माण और पुलिस चेक पोस्ट की मरम्मत आदि का कार्य शामिल है।

राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर बोट के माध्यम से झील में जमा सिल्ट का जायजा लिया और लोगों को इस समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर स्थानीय विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने हॉट वाटर पूल और सामुदायिक भवन के लिए चिन्हित स्थल की जानकारी दी।

इस अवसर पर एसडीएम करसोग अलीशा चौहान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता महेश राज, कोलडैम प्रबंधन की ओर से डीजीएम अंजला अग्रवाल, अखिलेश जोशी, हरबिंदर सिंह, तहसीलदार करसोग पृथी चंद, एक्सियन लोक निर्माण विभाग अजय राज गुप्ता, एक्सियन जल शक्ति विभाग बुद्धि सिंह, एक्सियन बिजली बोर्ड चंद्रमणि शर्मा, तत्तापानी पंचायत प्रधान प्रेम रैना सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share the news