
5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शनिवार को उपायुक्त कार्यालय मंडी के सम्मेलन कक्ष में लोकसभा सांसद एवं दिशा समिति की अध्यक्ष कंगना रणौत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में विधायक इन्द्र सिंह गांधी, दिलीप ठाकुर और पूर्ण चंद ठाकुर ने विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव दिए।
मंडी जिले में 237 विकास कार्यों के लिए 5.12 करोड़ स्वीकृत
बैठक में जानकारी दी गई कि मंडी जिले में 237 विकास कार्यों के लिए 5.12 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जो मंडी संसदीय क्षेत्र के लिए स्वीकृत कुल धनराशि का 55 प्रतिशत है।
मंडी संसदीय क्षेत्र में पूर्ण हुए 74 विकास कार्यों में से 68 कार्य मंडी जिले में पूरे किए गए हैं। यह संसदीय क्षेत्र में पूर्ण हुए कुल कार्यों का 92 प्रतिशत है। मंडी जिले के लिए स्वीकृत 5.12 करोड़ रुपये में से 3.22 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं।
समयबद्ध तरीके से पूरे हों विकास कार्य
सांसद कंगना रणौत ने अधिकारियों को सभी विकास योजनाओं और परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिशा समिति की पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की भी समीक्षा की और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने को कहा।
उन्होंने कहा कि दिशा समिति का उद्देश्य केंद्र सरकार की विकास योजनाओं की गति, गुणवत्ता और प्रभावशीलता की निगरानी करना है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्राकृतिक खेती और ग्रामीण स्वरोजगार पर जोर
कंगना रणौत ने कृषि, बागवानी, पशुपालन और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन और बाजार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्राकृतिक एवं जैविक उत्पादों के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाजार उपलब्ध करवाने, महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास करने को कहा।
सांसद ने दुग्ध उत्पादन और मिल्क प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्य योजना तैयार करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का केवल क्रियान्वयन ही नहीं, बल्कि उनका वास्तविक प्रभाव भी धरातल पर दिखाई देना चाहिए। आगामी बैठकों में अधिकारियों को योजनाओं के प्रभाव और उपलब्धियों पर आधारित प्रस्तुति देने के निर्देश दिए गए।
एमपीएलएडी के लंबित कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश
बैठक में सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (एमपीएलएडी) के तहत चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। कंगना रणौत ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं से जुड़ी स्थानीय समस्याओं का समाधान जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी समीक्षा
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से मंडी जिले में चल रही विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी गई।
सांसद ने सड़क परियोजनाओं में गुणवत्ता, सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंडी-पठानकोट फोरलेन के परौर-पधर खंड की डीपीआर, पंडोह बाईपास के लिए भूमि अधिग्रहण तथा पंडोह-टकोली फोरलेन सुदृढ़ीकरण कार्यों में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त बजट उपलब्ध होने के बावजूद किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में उपायुक्त अपूर्व देवगन ने दिशा समिति की अध्यक्ष, सभी विधायकों तथा समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्यों का स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष अमरु राम, नगर निगम मंडी की महापौर सुमन ठाकुर, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती, नगर निगम आयुक्त डॉ. मदन कुमार सहित दिशा समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





