मौसम बदलते ही क्षेत्रीय अस्पताल सोलन की OPD में बढ़ा मरीजों का रश

7 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोमवार को करीब 1500 रही ओपीडी, खांसी-जुकाम और वायरल के मरीज बढ़े; अस्पताल प्रबंधन ने बदलते मौसम में एहतियात बरतने की दी सलाह

सोलन। मौसम में बदलाव के साथ ही क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में खांसी, जुकाम और वायरल से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी करीब 1500 तक पहुंच गई, जिसके चलते अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली।

मौसम में इन दिनों बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन के समय धूप और शाम के समय हल्की ठंड होने लगी है। तापमान में हो रहे इस बदलाव के कारण लोग वायरल, खांसी और जुकाम की चपेट में आ रहे हैं। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है।

पर्ची काउंटर से ओपीडी तक लगी लंबी कतारें

सोमवार को अस्पताल के पर्ची काउंटर से लेकर विभिन्न ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मरीजों को दवाइयां उपलब्ध करवाने के साथ-साथ बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह भी दी जा रही है।

क्षेत्रीय अस्पताल सोलन जिला का प्रमुख अस्पताल होने के कारण आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में मौसम बदलने के साथ मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल की ओपीडी में भी रश बढ़ गया है।

मौसम में बदलाव के दौरान सावधानी जरूरी

अस्पताल प्रबंधन ने लोगों को बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। अचानक गर्मी और ठंड के संपर्क में आने से बचने तथा किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।

क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के एमएस डॉ. राकेश पवार ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण खांसी और जुकाम के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं, जिस कारण ओपीडी में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Share the news